सागर गोल्ड कप हॉकी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता
सागर गोल्ड कप हॉकी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रदर्शन, फाइनल में बीना से भिड़ेगी भोपाल
विधायक शैलेंद्र जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बढ़ाया उत्साह, कहा - सागर में ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को देते हैं नया मंच
सागर से न्यूज: 10 अक्टूबर,2026 (शनिवार)
सागर। खेल परिसर सागर में आयोजित सागर गोल्ड कप हॉकी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुए। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन शामिल हुए। उन्होंने मैदान पर पहुंचकर दोनों मुकाबलों की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट कमेटी द्वारा विधायक जैन का आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें प्रतियोगिता की गतिविधियों की जानकारी दी गई। जिला हॉकी संघ के सचिव मकसूद खान ने पुष्पमाला से उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में बीना और सिरोंज की टीमें आमने-सामने रहीं, जिसमें बीना ने शानदार खेल दिखाते हुए 5-0 से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में भोपाल और इंदौर के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भोपाल ने 4-0 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों ही मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षात्मक रणनीति का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि सागर में प्रतिवर्ष हो रही यह प्रतियोगिता युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने टूर्नामेंट कमेटी के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर टूर्नामेंट कमेटी के मोहम्मद इरशाद, अब्दुल जावेद, आलोक श्रीवास्तव, सैयद सोहेल अली सहित आयोजन समिति के सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment