सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर
गर्मी बढ़ते ही बढ़ी बिजली चोरी, स्मार्ट मीटर ने खोली पोल
सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर
सागर से न्यूज: 17 अप्रैल,2026 (शुक्रवार)
सागर। भीषण गर्मी के साथ बढ़ती बिजली खपत ने जहां सिस्टम पर दबाव बढ़ाया है, वहीं बिजली चोरी के मामलों में भी इजाफा सामने आया है। सागर शहर संभाग में अब बिजली चोरों पर स्मार्ट तकनीक भारी पड़ने लगी है। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा चलाए जा रहे सघन जांच अभियान में स्मार्ट मीटर से मिले संकेतों के आधार पर 34 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया है। मुख्य अभियंता देवेन्द्र कुमार के निर्देशन और अधीक्षण अभियंता चंद्ररेखा प्रभाकर के मार्गदर्शन में शहर के साथ खुरई, बीना, रहली, बंडा और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीमों ने जैसे ही स्मार्ट मीटर डेटा में गड़बड़ी देखी, तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की और कई जगहों पर मीटर से छेड़छाड़, डायरेक्ट लाइन जोड़कर बिजली उपयोग, अलग से वायरिंग और घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग जैसी अनियमितताएं उजागर हुईं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ उपभोक्ता बेहद चालाकी से मीटर को बायपास कर सीधी सप्लाई ले रहे थे, तो कुछ ने न्यूट्रल वायर में बदलाव कर खपत छुपाने की कोशिश की, लेकिन स्मार्ट मीटर के इवेंट्स ने उनकी पूरी कहानी खोल दी। विभाग का कहना है कि अब हर संदिग्ध गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड तुरंत मिल जाता है, जिससे कार्रवाई में देरी नहीं होती। नगर संभाग के कार्यपालन अभियंता इमरान खान के नेतृत्व में चल रही इस मुहिम में शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी जा रही है। सूबेदार वार्ड, सदर बाजार, सिविल लाइन सहित कई क्षेत्रों में अनियमितताएं सामने आई हैं। विभाग ने इसके लिए 8 अलग-अलग टीमें गठित की हैं, जो लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और पूरे महीने यह अभियान जारी रहेगा।
अधीक्षण अभियंता चंद्ररेखा प्रभाकर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिजली चोरी अब जोखिम भरा खेल बन चुका है। स्मार्ट मीटर प्रणाली के कारण चोरी छिपाना लगभग असंभव हो गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नियमों के तहत ही बिजली का उपयोग करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।
बदलते तकनीकी दौर में अब बिजली विभाग भी पूरी तरह डिजिटल निगरानी पर उतर आया है, जिससे यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में बिजली चोरी करने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा।


Comments
Post a Comment