जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा



सागर से न्यूज: 11 फरवरी,2026

सागर| जिला बदर का आदेश भी आदतन बदमाश को अपराध से नहीं रोक सका। बस स्टैंड पर विवाद कर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी पर गोपालगंज पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए उसे गिरफ्तार किया और वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उत्तर प्रदेश की सीमा तक छोड़ दिया। इस कार्रवाई से इलाके में सख्त संदेश गया है कि जिला बदर के बाद भी सक्रिय रहने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामला 6 फरवरी का है। बंडा निवासी बस चालक ओमप्रकाश चौरसिया अपनी बस (क्रमांक CG 04 E 2224) को गोपालगंज प्राइवेट बस स्टैंड से बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान शनिचरी निवासी इकबाल खान ने कथित तौर पर विवाद खड़ा कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने चालक के साथ अभद्रता की, अश्लील गालियां दीं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से बस स्टैंड परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। शिकायत मिलने पर थाना गोपालगंज में अपराध क्रमांक 73/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296ए और 351(2) के तहत मामला कायम किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी इकबाल खान एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज रहे हैं।गौरतलब है कि जिला दंडाधिकारी सागर द्वारा 9 जनवरी 2026 को जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 41 आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर आदेश जारी किया गया था। इसमें इकबाल खान का नाम भी शामिल था। इसके बावजूद आरोपी क्षेत्र में सक्रिय था और कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था। प्रकरण में अपराध पाए जाने के बाद गोपालगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की। कलेक्टर द्वारा जारी जिला बदर आदेश के पालन में पुलिस ने आरोपी को सागर जिले की सीमा से बाहर उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के थाना नारहट क्षेत्र तक छोड़ा।

थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा, जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा। आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून तोड़ने पर सीधे सख्त एक्शन लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को जिले में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। गोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत है कि जिले में अब अपराधियों के लिए कोई नरमी नहीं — कानून से ऊपर कोई नहीं।

Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की