मोकलपुर में उमड़ा जनसैलाब, गौशाला निर्माण के लिए लोगों ने लिया संकल्प
मोकलपुर में उमड़ा जनसैलाब, गौशाला निर्माण के लिए लोगों ने लिया संकल्प
संत भवन का निरीक्षण करने पहुंचे रविशंकर जी महाराज ने की स्व. राजेंद्र सिंह मोकलपुर के कार्यों की सराहना, पुत्र पुष्पेंद्र सिंह के प्रयासों को बताया सराहनीय
सागर से न्यूज: 24 अक्टूबर,2026
सागर| सुरखी विधानसभा के ग्राम मोकलपुर में पूज्य रविशंकर जी महाराज के आगमन पर श्रद्धा और उत्साह का अनूठा दृश्य देखने को मिला। महाराज के स्वागत के लिए न केवल मोकलपुर, बल्कि आसपास के अनेक गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे नगर को दीपों से सजाया गया और लोगों ने घर-घर आरती उतारकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान निर्माणाधीन संत भवन का निरीक्षण करते हुए महाराज ने स्वर्गीय राजेंद्र सिंह मोकलपुर के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की। साथ ही उनके पुत्र पुष्पेंद्र सिंह (मोनू) मोकलपुर के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए गौसेवा के लिए गौशाला निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज, शारदा पीठ द्वारिकापुरी के शिष्य पूज्य रविशंकर जी महाराज ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्गीय राजेंद्र सिंह मोकलपुर ने अपने जीवन में अच्छे और पुण्य के कार्य किए होंगे, जिनके संस्कार और छवि उनके पुत्र पुष्पेंद्र सिंह में भी दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि सागर जिले में अनुष्ठान और कथा के सिलसिले में उनका आना-जाना होता रहा है। इसी दौरान उन्होंने पुष्पेंद्र सिंह मोकलपुर के सामने संत भवन बनाने की इच्छा व्यक्त की थी। आज इस इच्छा को साकार होते देखकर उन्हें प्रसन्नता है। उन्होंने संत भवन निर्माण के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य बताया।
महाराज ने धर्मसभा में गौवंश की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सागर जिले में जगह-जगह गाय और नंदी सड़कों पर बेसहारा दिखाई देते हैं। वृद्ध और बीमार गौवंश की दुर्दशा देखकर मन को अत्यंत पीड़ा होती है। उन्होंने मोकलपुर में ऐसी गौशाला बनाने की इच्छा जताई, जहां गायों और नंदियों के साथ वृद्ध तथा बीमार गौवंश को भी आश्रय मिल सके। गौशाला में सभी की निस्वार्थ भाव से सेवा हो और किसी भी गौवंश को बेसहारा न रहना पड़े।
महाराज के इस आह्वान पर कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने गौशाला निर्माण में सहयोग करने का संकल्प लिया। इससे धार्मिक आयोजन के दौरान गौसेवा को लेकर सामूहिक पहल की भावना सामने आई। गौशाला निर्माण का यह संकल्प आने वाले समय में बेसहारा गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
महाराज के आगमन पर मोकलपुर में विशेष तैयारियां की गई थीं। नगर को दीपों से सजाया गया और घर-घर आरती कर उनका स्वागत किया गया। पूज्य रविशंकर जी महाराज ने गांव के जैन मंदिर सहित अन्य मंदिरों में दर्शन किए। उनके स्वागत में घाटमपुर, बरौदा, बंसिया, बेरसला, हनौताकला, हफसिली, नारायणपुर, करैया, सुरखी, विदवास, हीरापुर, चतुर्भटा, उमरारी, भिलैंया, समनापुर, नटर्री, बिलहरा, पिपरिया, खमकुंआ, सहजपुरी और केवलारी सहित अनेक गांवों से भजन मंडलियां और श्रद्धालु पहुंचे। भजन-कीर्तन के बीच ग्रामीणों ने पूरे गांव में भ्रमण के दौरान महाराज का भव्य स्वागत किया।
इस आयोजन में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री स्वर्गीय राजेंद्र सिंह मोकलपुर के प्रति लोगों का सम्मान भी विशेष रूप से दिखाई दिया। वर्ष 1977 में पहली बार मोकलपुर के सरपंच बने राजेंद्र सिंह का जनता से गहरा जुड़ाव रहा और अंतिम समय तक लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध बना रहा। महाराज के आगमन पर उमड़ी भीड़ ने इस जुड़ाव की झलक प्रस्तुत की। उनके पुत्र पुष्पेंद्र सिंह मोकलपुर द्वारा संत भवन निर्माण के कार्य को आगे बढ़ाना धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मोकलपुर में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और गौसेवा के संकल्प के कारण यादगार बन गया।

Comments
Post a Comment