शराब के लिए रुपये नहीं दिए तो कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला

शराब के लिए रुपये नहीं दिए तो कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला

बीच-बचाव करने आई महिला पर भी वार, तीन महीने बाद दो इनामी आरोपी गिरफ्तार


सागर से न्यूज: 5 अगस्त,2026

सागर। शराब पीने के लिए रुपये मांगने पर इनकार करना एक युवक और उसकी महिला साथी को भारी पड़ गया। आरोपियों ने पहले युवक पर लोहे की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची महिला को भी नहीं बख्शा और उसके सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घायल पड़े फरियादी का टच स्क्रीन मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद करीब तीन महीने तक पुलिस को चकमा देने वाले ₹5-5 हजार के दो इनामी आरोपियों को सुरखी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और करीब 30 हजार रुपये का लूटा गया सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार घटना 6 मई 2026 की रात करीब आठ बजे की है। फरियादी अपने टपरे पर बैठा था। तभी ग्राम हीरापुर निवासी मुलायम पिता प्रताप सिंह लोधी, गुड्डी खान पति रसीद खान और उनका एक अन्य साथी वहां पहुंचे। तीनों ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। फरियादी ने पैसे देने से इनकार किया तो विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और मुख्य आरोपी मुलायम लोधी ने लोहे की कुल्हाड़ी से फरियादी के सिर, पीठ और हाथ की उंगलियों पर लगातार वार कर दिए। हमले में फरियादी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। फरियादी की चीख-पुकार सुनकर टीना बीच-बचाव के लिए पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार गुड्डी खान ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह भी घायल हो गई। दोनों घायलों को तड़पता छोड़ आरोपी फरियादी का टच स्क्रीन मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र और एक जोड़ी चांदी की पायल लेकर मौके से फरार हो गए। घायल फरियादी ने किसी तरह डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फरियादी की शिकायत पर थाना सुरखी में हत्या के प्रयास और लूट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद दोनों आरोपी लगातार फरार रहे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने दोनों पर ₹5-5 हजार का इनाम घोषित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में थाना सुरखी पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार उनकी तलाश कर रही थी। कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आए।  पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि दोनों आरोपी ग्राम हीरापुर में मौजूद हैं। थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में घेराबंदी कर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी, टच स्क्रीन मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र और एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई। बरामद मशरूका की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक रामअवतार धाकड़, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक प्रशांत रावत, आरक्षक संजय कुमार, आरक्षक अभिषेक, आरक्षक कामेश, आरक्षक कर्मवीर, आरक्षक चालक विकास मिश्रा तथा महिला आरक्षक कांति राय सहित थाना सुरखी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की