शनीचरी पुलिस चौकी परिसर में मिला युवक शव, उठे कई सवाल

शनीचरी पुलिस चौकी परिसर में मिला युवक शव, उठे कई सवाल

  • डायल-112 पर सूचना देने के कुछ घंटे बाद मिला शव, शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, 
  • पुलिस हर पहलू से कर रही जांच



सागर से न्यूज: 1 जुलाई,2026 (बुधवार)


सागर।  गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित शनीचरी पुलिस चौकी बुधवार सुबह उस समय सुर्खियों में आ गई, जब चौकी परिसर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कृष्णगंज वार्ड निवासी 28 वर्षीय राजू आठ्या के रूप में हुई है, जो पेशे से हलवाई था। पुलिस चौकी परिसर में  युवक का शव मिलने से जहां परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और चौकी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है

मिली जानकारी के अनुसार राजू आठ्या मंगलवार शाम करीब छह बजे घर आया था। कुछ देर रुकने के बाद वह फिर बाहर चला गया और रातभर घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि उसका शव शनीचरी पुलिस चौकी परिसर में पड़ा है। खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान दिखाई देने से परिजनों ने इसे संदिग्ध मौत बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की। परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले राजू का कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसमें उसके साथ मारपीट भी की गई थी। उनका आरोप है कि उसी विवाद के चलते उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात राजू ने डायल-112 पर फोन कर अपनी मां को गोली मारने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया। पुलिस के मुताबिक युवक नशे की हालत में था और उसने खुद को भी चोट पहुंचाई थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद वह अस्पताल से निकल गया। कुछ समय बाद उसका शव शनीचरी पुलिस चौकी परिसर में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राजू आठ्या की मौत किन परिस्थितियों में हुई और पुलिस चौकी परिसर में उसका शव कैसे पहुंचा।

चौकी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

पुलिस चौकी परिसर में शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि युवक चौकी परिसर तक पहुंचा तो उसकी जानकारी पुलिस को क्यों नहीं लगी। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि युवक की मौत चौकी परिसर में हुई या उसे वहां लाकर छोड़ा गया। इन सभी बिंदुओं की जांच पुलिस कर रही है।

शनीचरी क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों से लोग परेशान

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शनीचरी क्षेत्र में आए दिन मारपीट, गुंडागर्दी और विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद पुलिस चौकी में अधिकांश समय पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं रहता। कई बार विवाद की सूचना मिलने पर भी तत्काल पुलिस नहीं पहुंच पाती, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

गश्त बढ़ाने और स्टाफ बढ़ाने की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने शनीचरी पुलिस चौकी में पर्याप्त पुलिस बल की स्थायी तैनाती, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा क्षेत्र के असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की नियमित मौजूदगी रहेगी तो क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।




Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की