सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर विवाद: नगर पालिका अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर केस दर्ज
सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर विवाद: नगर पालिका अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर केस दर्ज
नाली सफाई की मांग को लेकर बढ़ा विवाद, शासकीय शिक्षक ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सागर से न्यूज: 9 जून,2026 (मंगलवार)
सागर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में नाली सफाई की शिकायत करना एक शासकीय शिक्षक को भारी पड़ गया। शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में जिले के देवरी थाना पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद नगर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पुलिस के अनुसार बाजार वार्ड निवासी एवं शासकीय शिक्षक घनश्याम लोधी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके घर के सामने बनी शासकीय नाली लंबे समय से गंदगी से भरी हुई थी। कई बार नगर पालिका कर्मचारियों को अवगत कराने के बावजूद सफाई नहीं कराई गई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 8 जून की सुबह नगर पालिका के कर्मचारी उनके घर पहुंचे और सीएम हेल्पलाइन शिकायत बंद करने के लिए कहा। शिक्षक ने जवाब दिया कि पहले नाली की सफाई कराई जाए, उसके बाद शिकायत वापस ले लेंगे। आरोप है कि कुछ देर बाद नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन, राजा उर्फ सौरभ गुप्ता और वैभव खत्री उनके घर पहुंचे। बातचीत के दौरान तीनों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने फिर से नाली सफाई की बात कही तो तीनों भड़क गए और सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने शिक्षक को अपमानित करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से निपटाने की धमकी दी। घटना के समय शिकायतकर्ता की पत्नी, भतीजा और अन्य लोग मौजूद थे जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा और सुना। शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरा विवाद उनके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस को फुटेज उपलब्ध कराने की भी बात कही गई है। देवरी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नगर पालिका अध्यक्ष नेहा जैन, राजा उर्फ सौरभ गुप्ता और वैभव खत्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पक्षों के बयान लिए जाएंगे। सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष समेत तीन लोगों पर मामला दर्ज होने से देवरी नगर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Comments
Post a Comment