युवक का शव मिलने पर बवाल, गुस्साई भीड़ ने शराब दुकान में लगाई आग
युवक का शव मिलने पर बवाल, गुस्साई भीड़ ने शराब दुकान में लगाई आग
सड़क किनारे मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
सागर से न्यूज: 9 मई,2026 (शनिवार)
सागर| सागर जिले के शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बरेठा बाबा की घाटी के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान शाहपुर निवासी 38 वर्षीय नीरज प्रजापति के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शव मिलने के बाद परिजनों ने नीरज की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। गुस्साए लोगों ने कार्रवाई की मांग करते हुए सागर-गढ़ाकोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया। प्रदर्शन के दौरान भीड़ का गुस्सा इतना बढ़ गया कि लोगों ने शाहपुर स्थित शराब दुकान पर हमला कर दिया। भीड़ ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और बाद में आग लगा दी। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
⏩एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।



Comments
Post a Comment