मंडी में खाद्य विभाग का छापा

मंडी में खाद्य विभाग का छापा, 
सड़े-गले फल मिले
अचानक कार्रवाई से मंडी में हड़कंप, कई दुकानदार दुकान छोड़कर भागे



सागर से न्यूज: 13 मई, 2026 (बुधवार)

सागर। तिलकगंज स्थित फल मंडी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक छापा मार कार्रवाई शुरू कर दी। टीम को देखते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से निकल गए। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों पर सड़े-गले और बदबूदार फल मिले, जिन्हें विभाग ने जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान मंडी में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। विभागीय अधिकारियों ने एक-एक दुकान पर पहुंचकर फलों की गुणवत्ता जांची और लाइसेंस सहित जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मंडी में खराब और संदिग्ध गुणवत्ता वाले फलों की बिक्री हो रही है। कुछ व्यापारियों पर केमिकल से पकाए गए फल बेचने के आरोप भी लग रहे थे। शिकायतों के आधार पर विभाग ने बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई दुकानों में खराब और सड़े हुए फल पाए गए। अधिकारियों ने मौके से फलों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यापारियों पर कार्रवाई की जाएगी।


कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि मंडी में कुछ व्यापारी बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कारोबार कर रहे थे। टीम ने व्यापारियों से लाइसेंस, खरीद-बिक्री और स्टॉक से जुड़े दस्तावेज मांगे।इसी दौरान पप्पू राईन, अख्तर राईन की दुकान पर बड़ी मात्रा में सड़े-गले फल मिले। जांच में पता चला कि दुकान बिना वैध लाइसेंस संचालित की जा रही थी। विभाग ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए नमूने जब्त किए और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। 


खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति राय ने कहा कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करना नियमों का उल्लंघन है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित व्यापारियों पर जुर्माना, लाइसेंस निरस्तीकरण और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद फल मंडी के व्यापारियों में पूरे दिन दहशत और चर्चा का माहौल बना रहा।



Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की