एसपी का सख्त संदेश: अपराधियों की अब खैर नहीं

एसपी का सख्त संदेश: अपराधियों की अब खैर नहीं

बोले- फरियादी नहीं भटकेगा, गुंडों और गैंग पर होगी सीधी कार्रवाई




सागर से न्यूज: 8 मई,2026 (शुक्रवार)

सागर। जिले के नए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने पदभार संभालते ही सख्त पुलिसिंग के संकेत दे दिए हैं।  पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने साफ कहा कि अब अपराध और अव्यवस्था को लेकर लापरवाही नहीं चलेगी। पुलिस की प्राथमिकता आम लोगों को राहत देना और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना होगी।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में नए एसपी ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, चोरी, महिला सुरक्षा, लंबित अपराध और सक्रिय बदमाशों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को यह महसूस होना चाहिए कि पुलिस उसके साथ खड़ी है। एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि किसी भी फरियादी को थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिकायत मिलने के बाद समय पर कार्रवाई हो और पीड़ित को न्याय मिले, इसी सोच के साथ पुलिस काम करेगी। नए एसपी ने माना कि शहर में ट्रैफिक अव्यवस्था और बार-बार होने वाले अपराध बड़ी चुनौती बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद उन्हें कई तरह के फीडबैक मिले हैं। अब पुराने अपराध रिकॉर्ड, तकनीकी डेटा और स्थानीय जानकारी के आधार पर नई रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ लगातार बैठक कर अपराध नियंत्रण और व्यवस्था सुधार को लेकर अलग-अलग प्लान तैयार किए जाएंगे ताकि जनता को बेहतर परिणाम मिल सकें। एसपी ने कहा कि पुलिस अकेले अपराध खत्म नहीं कर सकती। इसके लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कहीं भी कोई गलत गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस और जनता के बीच भरोसे का रिश्ता मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। शहर में सक्रिय कटरबाज गैंग और असामाजिक तत्वों को लेकर भी नए एसपी ने सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सीधे अपराध की श्रेणी में आते हैं और इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों का मानना है कि आने वाले दिनों में हिस्ट्रीशीटरों और बदमाशों की गतिविधियों की विशेष निगरानी शुरू की जा सकती है। संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी की घटनाओं पर एसपी ने कहा कि लंबित मामलों का फिर से विश्लेषण किया जाएगा। फिंगरप्रिंट, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पुराने मामलों की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में लंबे समय से कार्रवाई लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा। एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि जिले में गुम मोबाइल ट्रेस करने के लिए तकनीकी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। लोगों को यह भी जागरूक किया जाएगा कि मोबाइल खोने पर तुरंत क्या प्रक्रिया अपनानी चाहिए ताकि उसे जल्दी ट्रैक किया जा सके। थानों और पुलिस चौकियों में स्टाफ की कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर एसपी ने माना कि कई जगह बल की कमी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। महिला सुरक्षा को लेकर नए एसपी ने कहा कि किसी भी महिला फरियादी की शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। हर पीड़िता की सुनवाई हो और उसे समय पर न्याय मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध दर्ज करना नहीं, बल्कि पीड़ित को सुरक्षा और भरोसा देना भी है। नए एसपी अनुराग सुजानिया की पहली मीडिया चर्चा से साफ संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में सागर में पुलिसिंग का अंदाज बदला हुआ नजर आ सकता है। तकनीक आधारित जांच, जवाबदेही और सख्त कार्रवाई के जरिए अपराध पर नियंत्रण की तैयारी दिखाई दे रही है।



Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की