वायरल पत्र से सागर कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर

 वायरल पत्र से सागर कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर

कांग्रेस नेता  ने  सर्वदलीय कार्यक्रमों और बीजेपी से कथित नजदीकियों पर उठाए सवाल, कार्रवाई की मांग




सागर से न्यूज: 5 मई,2026 (मंगलवार)

सागर| सागर में कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही खींचतान अब सार्वजनिक होती नजर आ रही है। जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर के अध्यक्ष महेश जाटव को संबोधित वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. नरेश चौबे द्वारा लिखा गया एक पत्र इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। 

•• इस वायरल पत्र की सागर से न्यूज पुष्टि नहीं करता है•• 
पत्र में डॉ. चौबे ने आरोप लगाया है कि शहर के कुछ कांग्रेसी नेता पार्टी की घोषित नीति के विपरीत भारतीय जनता पार्टी  के नेताओं के साथ मंच साझा कर रहे हैं और उनके साथ निकट संबंध बनाए हुए हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि कुछ नेताओं के कथित रूप से व्यावसायिक संबंध हैं और वे समय-समय पर अन्य दलों के कार्यक्रमों में भाग लेते रहते हैं। पत्र में ‘सर्वदलीय’ कार्यक्रमों के नाम पर अन्य राजनीतिक दलों के आयोजनों में कांग्रेस नेताओं की भागीदारी पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसे पार्टी अनुशासन और विचारधारा के विपरीत बताते हुए ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई है। डॉ. चौबे ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि सागर में लंबे समय से कांग्रेस का महापौर, विधायक और सांसद स्तर पर प्रतिनिधित्व नहीं रहा है। उन्होंने संगठन के भीतर की कार्यप्रणाली पर अप्रत्यक्ष रूप से सवाल उठाते हुए इसे चुनावी कमजोरियों से जोड़ा है। पत्र में संगठन के “शुद्धिकरण” की आवश्यकता पर जोर देते हुए मांग की गई है कि जो कांग्रेसी नेता पार्टी लाइन से हटकर कार्य कर रहे हैं या अन्य दलों के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। यह पत्र सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, जिससे सागर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और इस मामले में अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस पूरे प्रकरण के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को सागर में संगठनात्मक गतिविधियों पर गंभीरता से नजर डालनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि कौन व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त है, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।

Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की