अतिथि शिक्षक के खिलाफ छात्रा की शिकायत
शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पर उठे सवाल
अतिथि शिक्षक के खिलाफ छात्रा की शिकायत
- एमपी ऑनलाइन सेंटर से सांठगांठ, छात्राओं को गुमराह करने और प्रशासनिक संरक्षण के आरोप
सागर। शहर के शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया और शैक्षणिक कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। बीबीए विभाग में पदस्थ अतिथि शिक्षक रोहित सैनी के खिलाफ एक छात्रा द्वारा क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक को शिकायत सौंपकर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित करने की बात कही है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित अतिथि शिक्षक पिछले कई वर्षों से प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े कार्य देख रहे हैं और कॉलेज के सामने स्थित एक एमपी ऑनलाइन सेंटर से उनकी कथित सांठगांठ है। छात्रा का आरोप है कि प्रवेश लेने आने वाले विद्यार्थियों को उसी सेंटर पर भेजा जाता था और इसके एवज में कथित रूप से कमीशन लिया जाता था. शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कंप्यूटर विषय में प्रवेश लेने आने वाली छात्राओं को हतोत्साहित किया जाता था। छात्राओं को बताया जाता था कि इस विषय की फीस अधिक है तथा भविष्य में रोजगार की संभावनाएं सीमित हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस प्रकार की जानकारी देकर छात्राओं को दूसरे विषयों की ओर मोड़ने का प्रयास किया जाता था। मामले में शैक्षणिक कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार संबंधित अतिथि शिक्षक नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं करते तथा दैनिक डायरी, उपस्थिति रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों का समुचित संधारण भी नहीं किया जाता। इसके बावजूद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होना कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी प्रश्न खड़े कर रहा है। छात्रा ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित अतिथि शिक्षक को कॉलेज प्रशासन का विशेष संरक्षण प्राप्त है। शिकायत के अनुसार उन्हें परीक्षा ड्यूटी तक नहीं दी जाती, लेकिन कॉलेज के कई प्रशासनिक निर्णयों में उनकी भूमिका बनी रहती है। मामला सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। छात्राओं और अभिभावकों के बीच भी इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही हैं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी ने कहा कि उनके पास सीधे तौर पर अभी कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल जांच समिति गठित करने की बात कही। प्राचार्य ने कहा कि शिकायत में जिन बिंदुओं का उल्लेख किया गया है, उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और समिति की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं अतिथि शिक्षक रोहित सैनी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि यह शिकायत उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों में तथ्य होते तो कॉलेज प्रशासन पहले ही उनके खिलाफ कार्रवाई कर चुका होता। फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है। अब देखना होगा कि जांच समिति की रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और कॉलेज प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।

Comments
Post a Comment