एसपी बंगले के सामने बेखौफ गुंडागर्दी
एसपी बंगले के सामने बेखौफ गुंडागर्दी
उर्स से लौटे दो भाइयों को घेरकर हमला, डंडों और पत्थरों से चार गाड़ियां फोड़ीं: जाते-जाते दी जान से मारने की धमकी
सागर से न्यूज: 19 मई,2026 (मंगलवार)
सागर| शहर के सबसे सुरक्षित और वीआईपी माने जाने वाले कैंट इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ती नजर आईं। एसपी बंगले के ठीक सामने आधी रात कुछ बदमाशों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। उर्स देखकर लौटे दो भाइयों को पहले गालियां देकर उकसाया गया, फिर डंडों और पत्थरों से हमला कर घर के बाहर खड़ी चार गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई। वारदात के बाद आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना उस इलाके में हुई, जहां पुलिस अधिकारियों की लगातार आवाजाही रहती है। इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर देर तक उत्पात मचाते रहे।
कैंट थाना में दर्ज एफआईआर के मुताबिक फरियादी जीशान खान पिता जावेद खान उम्र 30 वर्ष निवासी 51 कैंट, एसपी बंगले के सामने मजदूरी का काम करते हैं। उन्होंने अपने छोटे भाई ऊवेश खान के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों भाई पीलीकोठी से उर्स देखकर घर लौट रहे थे। रात करीब 4:55 बजे जैसे ही वे घर पहुंचे, तभी शुक्रवारी झूला तिगड्डा निवासी नोमान हाथ में डंडा लेकर अपने साथियों मुन्नू उर्फ इमरान खान, एहशान खान, राहिल और समीर के साथ वहां आ धमका। एफआईआर के अनुसार आरोपियों ने आते ही बिना किसी वजह के मां-बहन की गंदी गालियां देना शुरू कर दीं। रात के सन्नाटे में अचानक शुरू हुई गाली-गलौज से परिवार घबरा गया। जब जीशान खान ने विरोध किया तो नोमान ने उसके साथ झूमाझटकी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी पूरी तरह उग्र हो गए और घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बना लिया। सड़क से पत्थर उठाकर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया गया। रिपोर्ट में दर्ज बयान के मुताबिक नोमान ने हाथ में लिए डंडे से अल्टो कार क्रमांक एमपी 15 ए 3748 पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी नहीं रुके और महिंद्रा जायलो क्रमांक एमपी 15 सीए 5614, महिंद्रा केयूवी 100 क्रमांक एमपी 04 सीएस 7461 और जिप्सी क्रमांक एमपी 04 एचसी 3995 पर पत्थर बरसाकर उनके कांच चकनाचूर कर दिए। कुछ ही मिनटों में चारों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टूटते शीशों की आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
फरियादी के मुताबिक आरोपियों की इस हरकत से करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के समय फरियादी की मां और भाई मौके पर मौजूद थे। दोनों ने पूरी वारदात अपनी आंखों से देखी। परिवार का आरोप है कि जाते-जाते आरोपी खुलेआम धमकी देकर गए कि दोबारा मिले तो जान से खत्म कर देंगे। इस धमकी के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से आरोपी खुलेआम धमकी देकर फरार हुए, उससे इलाके के लोगों में भी डर बैठ गया है।घटना स्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी डंडे और पत्थरों से वाहनों में तोड़फोड़ करते साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई।
कैंट थाना पुलिस ने नोमान, मुन्नू उर्फ इमरान खान, एहशान खान, राहिल और समीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 296(बी), 115(2), 324(4), 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। नगर पुलिस अधीक्षक। ललित कश्यप ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। घटना में चाकूबाजी और अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब एसपी बंगले के सामने यह हाल है, तो शहर के बाकी इलाकों में आम लोगों की सुरक्षा कितनी सुरक्षित है। स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में सख्त कार्रवाई की मांग की है।



Comments
Post a Comment