जनसंपर्क कार्यालय में वर्षों से अटैच शिक्षक को हटाने की मांग तेज

जनसंपर्क कार्यालय में वर्षों से अटैच शिक्षक को हटाने की मांग तेज

पत्रकारों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, उच्च स्तरीय जांच की उठाई मांग


सागर से न्यूज: 27 मई, 2026 (बुधवार)

सागर। मध्यप्रदेश प्रेस क्लब सागर इकाई के पत्रकारों ने कलेक्टर प्रतिभा पाल को ज्ञापन सौंपकर संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में वर्षों से पदस्थ एक शासकीय शिक्षक को तत्काल मूल पदस्थापना पर भेजने तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। पत्रकारों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शासकीय माध्यमिक शिक्षक मनोज नेमा, जिनकी मूल पदस्थापना ग्राम मेनपानी में है, पिछले लगभग 10 वर्षों से संभागीय जनसंपर्क कार्यालय सागर में नियम विरुद्ध तरीके से अटैच होकर कार्य कर रहे हैं। प्रेस क्लब का कहना है कि शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद किसी शिक्षक को इतने लंबे समय तक दूसरे विभाग में बनाए रखना प्रशासनिक नियमों के विपरीत है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने ज्ञापन के साथ संबंधित दस्तावेज और प्रमाणित पत्र भी कलेक्टर को सौंपे। इस दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन में मांग की गई है कि यह जांच कराई जाए कि आखिर किन अधिकारियों और प्रशासनिक आदेशों के आधार पर शिक्षक को इतने लंबे समय तक जनसंपर्क विभाग में अटैच रखा गया। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि इस दौरान विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रभाव स्थापित करने, पत्रकारों के साथ कथित भेदभावपूर्ण व्यवहार करने तथा कुछ विशेष लोगों को लाभ पहुंचाने जैसी गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आई हैं। प्रेस क्लब ने ज्ञापन में यह भी मांग रखी कि संबंधित शिक्षक के कार्यकाल के दौरान हुए वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। विशेष रूप से विज्ञापन वितरण, भुगतान प्रक्रिया तथा अन्य विभागीय गतिविधियों की जांच के लिए विशेष समिति गठित करने की मांग की गई है, ताकि संभावित अनियमितताओं का खुलासा हो सके। मध्यप्रदेश प्रेस क्लब सागर इकाई ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो पत्रकार बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की