रात के अंधेरे में शराब माफिया पर पुलिस का शिकंजा

रात के अंधेरे में शराब माफिया पर पुलिस का शिकंजा

घर में छिपाकर रखा था अवैध शराब का जखीरा, पुलिस पहुंची तो पीछे के रास्ते से भाग निकला आरोपी, 99 लीटर अवैध शराब जब्त


सागर से न्यूज: 15 मई,2026 (शुक्रवार)

सागर| रहली में गुरुवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब थाना रहली पुलिस ने एक शराब कारोबारी के घर पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से आरोपी के होश उड़ गए और वह अंधेरे का फायदा उठाकर घर के पिछले दरवाजे से फरार हो गया। हालांकि जाते-जाते वह अपने पीछे छोड़ गया अवैध शराब का बड़ा जखीरा, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। दरअसल, जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ सागर पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात थाना रहली पुलिस वाहन चेकिंग और रोड पेट्रोलिंग में जुटी थी।नइसी दौरान पुलिस को मुखबिर से एक पुख्ता सूचना मिली। खबर थी कि वार्ड क्रमांक 02 खमरिया, रहली निवासी गुड्डू उर्फ गोविंद उर्फ हरगोविंद सिंह ठाकुर अपने घर में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखे हुए है और लंबे समय से अवैध कारोबार चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी के घर पर दबिश दे दी। पुलिस की गाड़ियों और जवानों को देखकर आरोपी घबरा गया। इससे पहले कि पुलिस उसे पकड़ पाती, वह घर के पीछे बने रास्ते से अंधेरे में गायब हो गया। पुलिस ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन रात का फायदा उठाकर वह हाथ नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक कमरे से शराब से भरे कार्टून और बोरियां बरामद हुईं। पुलिस ने 9 कार्टून में रखी ‘सागर गोल्ड’ व्हिस्की के 450 पाव और 2 प्लास्टिक बोरियों में रखी ‘बॉम्बे व्हिस्की’ के 100 पाव जब्त किए। सभी पाव 180 मिलीलीटर क्षमता के थे। पुलिस के मुताबिक कुल 550 पाव यानी करीब 99 लीटर अवैध शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार 500 रुपये बताई गई है। जब्त शराब को मालखाने में सुरक्षित जमा करा दिया गया है। फरार आरोपी गुड्डू उर्फ गोविंद उर्फ हरगोविंद सिंह ठाकुर के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के निर्देशन में संपन्न हुई। थाना प्रभारी सुनील शर्मा सहित थाना रहली पुलिस टीम की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।



Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की