आईपीएल सट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आईपीएल सट्टे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
RCB-KKR मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते युवक को रंगे हाथ पकड़ा, मोबाइल में मिले लाखों रुपये के लेन-देन और हार-जीत के रिकॉर्ड
सागर से न्यूज: 14 मई,2025 (गुरुवार)
सागर| जिले में अवैध गतिविधियों और सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मोतीनगर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के मोबाइल फोन से लाखों रुपये के हार-जीत, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और दांव से जुड़ा रिकॉर्ड मिलने के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मोतीनगर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बीजासेन मंदिर के पास एक युवक मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन वेबसाइट पर आईपीएल मैच में हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को RCB और KKR के बीच खेले जा रहे आईपीएल मैच पर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत सोनी पिता प्रहलाद सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी पुरव्याऊ टौरी थाना कोतवाली जिला सागर बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी का 5G मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। मोबाइल की जांच करने पर उसमें ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट संचालित होना पाया गया। जांच में आईपीएल मैचों पर लगाए गए दांव, हार-जीत का हिसाब-किताब, लाखों रुपये के ऑनलाइन लेन-देन तथा विभिन्न टीमों पर लगाए गए दांव का रिकॉर्ड मिला है। पुलिस को मोबाइल में बड़ी रकम के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जानकारी भी मिली है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस अब मोबाइल में मिले रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मोतीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सट्टा एक्ट की धारा 4(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में उपस्थित होने हेतु नोटिस देकर पाबंद किया गया है।उक्त कार्रवाई में थाना मोतीनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक गौरव गुप्ता, प्रधान आरक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक अरुण, आरक्षक अखलेश, आरक्षक गुड्डू, संजय जोनवार, आरक्षक सत्येंद्र एवं आरक्षक मंजीत का विशेष योगदान रहा।


Comments
Post a Comment