थानों में लगी बदमाशों की हाजिरी, पुलिस ने दिखाई सख्ती
थानों में लगी बदमाशों की हाजिरी, पुलिस ने दिखाई सख्ती
गुंडा-निगरानी बदमाशों की परेड, मोबाइल और सोशल मीडिया तक की जांच
सागर से न्यूज: 23 मई,2026 (शनिवार)
सागर। जिले में अपराधियों और निगरानीशुदा बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने एक साथ बड़ा और व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडा, बदमाश, हिस्ट्रीशीटर और निगरानीशुदा अपराधियों को थानों में तलब कर उनकी पुलिस परेड कराई गई। पूरे दिन चले इस अभियान से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।सुबह से ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने चिन्हित बदमाशों को थानों में बुलाना शुरू किया। कई जगह पुलिसकर्मी स्वयं उनके घर पहुंचे और उन्हें थाने लेकर आए। थानों में पहुंचने के बाद सभी बदमाशों की उपस्थिति दर्ज कराई गई और एक-एक कर उनसे पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों ने उनके वर्तमान जीवन, रोजगार, उठना-बैठना, संपर्क और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी जुटाई। पुलिस ने यह भी जांचा कि कहीं कोई बदमाश फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय तो नहीं हो गया है। अधिकारियों ने उनके मोबाइल फोन चेक किए, कॉलिंग पैटर्न की जानकारी ली और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी की। पुलिस विशेष रूप से इस बात पर नजर बनाए हुए है कि कहीं सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध, विवाद, गैंगबाजी या हथियारों के प्रदर्शन जैसी गतिविधियां तो संचालित नहीं की जा रहीं। परेड के दौरान बदमाशों को सख्त लहजे में चेतावनी दी गई कि यदि किसी ने भी शांति व्यवस्था भंग करने, अवैध गतिविधियों में शामिल होने या अपराध की दुनिया में दोबारा कदम रखने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि अब जिले में अपराध और बदमाशी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने बदमाशों को केवल चेतावनी ही नहीं दी, बल्कि उन्हें अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की समझाइश भी दी। अधिकारियों ने कहा कि मेहनत और ईमानदारी से जीवन-यापन करने वालों को पुलिस का सहयोग मिलेगा, लेकिन अपराध करने वालों के खिलाफ सख्ती लगातार जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि जिले के सभी निगरानीशुदा बदमाशों पर लगातार नजर रखी जाएगी। उनकी गतिविधियों का रिकॉर्ड अपडेट किया जा रहा है और समय-समय पर सत्यापन अभियान भी चलाए जाएंगे। पुलिस का मानना है कि इस तरह के अभियानों से अपराधियों में कानून का भय बना रहेगा और जिले में शांति व्यवस्था मजबूत होगी। इसी क्रम में सागर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी बदमाशों की विशेष परेड कराई गई। सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिलेभर में यह कार्रवाई एक साथ की गई है। सभी निगरानीशुदा बदमाशों को थानों में बुलाकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली गई है और उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि यदि वे किसी भी प्रकार की अपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए तो तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस आने वाले दिनों में भी इसी तरह के विशेष अभियान चलाने की तैयारी में है। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जहां अपराधियों में बेचैनी देखी गई, वहीं आम लोगों ने इसे कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।


Comments
Post a Comment