पीटीसी मैदान मेले के नाम, खिलाड़ियों और अभ्यर्थियों की तैयारी पर ब्रेक
पीटीसी मैदान मेले के नाम, खिलाड़ियों और अभ्यर्थियों की तैयारी पर ब्रेक
47 दिन की अनुमति, अवधि बढ़ने पर दो माह तक बंद रहने की आशंका: युवाओं में नाराजगी
सागर से न्यूज: 10 अप्रैल,2026 (शुक्रवार)
सागर। शहर के गोपालगंज स्थित जवाहरलाल नेहरू पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (PTC) के मैदान को मेले के आयोजन के लिए किराए पर दिए जाने से खेल गतिविधियों पर विराम लगने की स्थिति बन गई है। मैदान 47 दिनों के लिए दिया गया है, जबकि मेले की अवधि बढ़ने की संभावना के चलते यह बंदी 55 से 60 दिनों तक पहुंच सकती है।
इस फैसले से उन युवाओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है, जो पुलिस, सेना और अन्य भर्तियों की शारीरिक तैयारी के लिए प्रतिदिन इसी मैदान का उपयोग करते हैं। वर्तमान में दिल्ली पुलिस, एमपी पुलिस और अन्य भर्तियों की प्रक्रिया जारी है, ऐसे में अभ्यास बाधित होना अभ्यर्थियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
स्थानीय खिलाड़ियों का कहना है कि गोपालगंज क्षेत्र में यह इकलौता बड़ा मैदान है, जहां वे नियमित रूप से दौड़ और अन्य अभ्यास कर पाते थे। पहले ही शहर के कई मैदान निजी हो चुके हैं, जिससे विकल्प सीमित हो गए हैं। अब PTC मैदान के बंद होने से युवाओं के सामने अभ्यास के लिए कोई उपयुक्त स्थान नहीं बचा है।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों और युवाओं की खेल गतिविधियां अपने चरम पर होती हैं, लेकिन इस अवधि में मैदान बंद रहने से खेलकूद पर विपरीत असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। खिलाड़ियों का कहना है कि लगातार दो माह तक अभ्यास न होने से उनकी शारीरिक फिटनेस और तैयारी दोनों प्रभावित होंगी।
युवाओं ने प्रशासन से मांग की है कि मेले के आयोजन के लिए किसी अन्य स्थान का चयन किया जाए। उनका कहना है कि मैदान के आसपास ही कई खाली स्थान उपलब्ध हैं, जहां आयोजन किया जा सकता है, लेकिन खेल मैदान को बंद करना उचित नहीं है।
मामले को लेकर राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है। मेले के आयोजन को पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया की पत्नी सुधा मलैया से जोड़ा जा रहा है, जिससे इस निर्णय पर प्रभाव के आरोप लगाए जा रहे हैं।
फिलहाल, मैदान में मेले की तैयारियों की चर्चा है, जबकि खिलाड़ी और अभ्यर्थी अपनी नियमित गतिविधियां प्रभावित होने से चिंतित हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है।


Comments
Post a Comment