सागर की बेटियों को नई उड़ान दे रहीं डॉ. मोनिका हार्डीकर:
सागर की बेटियों को नई उड़ान दे रहीं डॉ. मोनिका हार्डीकर: खेलों के जरिए आत्मनिर्भर बन रहीं छात्राएं, राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक बढ़ा रहीं कदम
सागर से न्यूज: 5 अप्रैल,2026 (एक्सक्लूसिव खबर)
सागर। शासकीय स्वशासी कन्या स्नातकोत्तर उत्कृष्टता महाविद्यालय में स्पोर्ट्स ऑफिसर के रूप में कार्यरत डॉ मोनिका हार्डीकर सागर जिले की बेटियों को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में जुटी हैं। उनके मार्गदर्शन में छात्राएं अब केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं, बल्कि खेल मैदान में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। महाविद्यालय में उनके नेतृत्व में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिली है। नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और फिटनेस पर विशेष ध्यान देते हुए वे छात्राओं को प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रही हैं। इसका परिणाम है कि कई छात्राएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
खेल बना रही आत्मविश्वासी और मजबूत
डॉ. हार्डीकर का कहना है कि खेल छात्राओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उनके अनुसार, “खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास सिखाता है।” वे छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करती हैं।
बाधाओं को तोड़ रहीं बेटियां
जहां पहले खेलों में लड़कियों की भागीदारी सीमित मानी जाती थी, वहीं अब स्थिति बदल रही है। डॉ. हार्डीकर के प्रयासों से छात्राएं सामाजिक बाधाओं को तोड़ते हुए आगे बढ़ रही हैं और परिवारों का समर्थन भी बढ़ रहा है।
सागर से न्यूज एक्सक्लूसिव: बातचीत
प्रश्न: छात्राओं को खेलों की ओर कैसे आकर्षित करती हैं?
डॉ. मोनिका हार्डीकर: हम उन्हें खेलों के फायदे समझाते हैं और लगातार अभ्यास के लिए प्रेरित करते हैं। जब वे खुद परिणाम देखती हैं, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
प्रश्न: सबसे बड़ी चुनौती क्या रहती है?
उत्तर: शुरुआत में जागरूकता की कमी रहती है, लेकिन अब छात्राएं और उनके अभिभावक दोनों सकारात्मक सोच अपना रहे हैं।
प्रश्न: आगे का लक्ष्य क्या है?
उत्तर: हमारा उद्देश्य है कि सागर की बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं। ।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मोनिका हार्डीकर के प्रयासों से सागर की बेटियां खेलों में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। यह न केवल महाविद्यालय, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है कि यहां की छात्राएं हर दिन सफलता की नई कहानी लिख रही हैं।


Comments
Post a Comment