आवारा सुअरों का बढ़ता आतंक, व्यवस्था पर उठे सवाल

आवारा सुअरों का बढ़ता आतंक, व्यवस्था पर उठे सवाल


कांग्रेस पार्षद ने प्रशासन को चेताया—समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन



सागर से न्यूज: 14 अप्रैल,2026 (मंगलवार)

सागर। नगर निगम क्षेत्र में आवारा सुअरों की बढ़ती समस्या अब आमजन के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है। शहर के कई वार्डों में सुअरों का खुलेआम विचरण न केवल स्वच्छता व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है, बल्कि लोगों की दिनचर्या और धार्मिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर रहा है। हरीसिंह गौर नगर वार्ड के पार्षद शिवशंकर ‘गुड्डू’ यादव ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए बताया कि वार्ड अंतर्गत नेपाल पैलेस स्थित झिरिया माता मंदिर परिसर में सुअरों का लगातार जमावड़ा बना रहता है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास रहने वाले नागरिकों को इससे भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कई बार तो स्थिति इतनी विकट हो जाती है कि मंदिर परिसर में प्रवेश करना तक मुश्किल हो जाता है। पार्षद श्री यादव के अनुसार यह समस्या केवल एक वार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर निगम के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि नगर निगम परिषद की बैठकों में इस विषय को कई बार उठाया जा चुका है और प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि आवारा सुअरों को पकड़कर नगर सीमा से बाहर करने की प्रभावी व्यवस्था तत्काल की जाए। साथ ही नियमित रूप से निगरानी और स्वच्छता अभियान चलाकर इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

पार्षद शिवशंकर ‘गुड्डू’ यादव ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।




Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की