विधायक ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात
विधायक ने रक्षा मंत्री से की मुलाकात, छावनी विलय और ROB निर्माण का मामला उठाया
सागर से न्यूज: 4 अप्रैल,2025
सागर| नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर सागर क्षेत्र के दो प्रमुख लंबित मुद्दों को उठाया। उन्होंने सागर छावनी परिषद के नगरीय निकाय में विलय और बीना-कटनी रेलवे लाइन पर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा मंत्री को पत्र सौंपकर त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया। विधायक श्री लारिया ने बताया कि सागर छावनी परिषद के नगरीय निकाय में विलय की प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है, जिसमें भूमि स्वामित्व सबसे बड़ी तकनीकी बाधा बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि विलय के बाद छावनी क्षेत्र की भूमि का स्वामित्व राज्य सरकार अथवा संबंधित नगरीय निकाय को हस्तांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में सड़क, पानी, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य बिना किसी बाधा के किए जा सकें। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कृषि और बंगला क्षेत्रों को भी विलय प्रक्रिया में शामिल किया जाए। मुलाकात के दौरान दूसरा अहम मुद्दा बीना-कटनी रेलवे लाइन के गेट नंबर-25, डिम्पल पेट्रोल पंप के पास प्रस्तावित सड़क ऊपरी पुल (ROB) का रहा। विधायक ने बताया कि यह मार्ग शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक है, जहां दिनभर यातायात का भारी दबाव रहता है और रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लंबा जाम लग जाता है। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग द्वारा रक्षा मंत्रालय के पोर्टल पर पहले ही प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जिसे शीघ्र स्वीकृति दिए जाने की आवश्यकता है। विधायक ने दोनों मुद्दों को जनहित से जुड़ा बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लेने का आग्रह किया। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से समीक्षा कराने और सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो सागर शहर में बुनियादी ढांचे के विकास और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिल सकता है।

Comments
Post a Comment