पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग, सीएम को सौंपा ज्ञापन

पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग, सीएम को सौंपा ज्ञापन

फर्जी मुकदमों की जांच, पत्रकारों पर हमले रोकने और सागर सम्मेलन में आने का दिया निमंत्रण

 सागर से न्यूज: 23 अप्रैल,2026 (गुरुवार)


सागर| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नरयावली प्रवास के दौरान पत्रकारों के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ, जिला सागर के अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर पत्रकारों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत विषयों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू करने की रही। संघ ने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदेश में लगातार पत्रकारों पर हमले, दबाव और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्वतंत्र पत्रकारिता प्रभावित हो रही है। ऐसे में सरकार को इस दिशा में ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कई मामलों में पत्रकारों पर मनमाने तरीके से आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं, जो निष्पक्ष पत्रकारिता में बाधा बन रहे हैं। संघ ने मांग की कि ऐसे मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराकर उन्हें शीघ्र समाप्त किया जाए, ताकि पत्रकार बिना किसी भय के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। मुलाकात के दौरान देवेंद्र कश्यप ने सागर में प्रस्तावित विशाल प्रदेश स्तरीय पत्रकार सम्मेलन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। इस सम्मेलन को प्रदेशभर के पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया जा रहा है, जहां पत्रकारों के अधिकारों और समस्याओं पर व्यापक चर्चा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान उनका आत्मीय व्यवहार भी देखने को मिला। उन्होंने संघ पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया कि पत्रकारों के हितों की अनदेखी नहीं होगी।

मुख्यमंत्री द्वारा जिला अध्यक्ष के कंधे पर हाथ रखकर दिया गया आश्वासन इस मुलाकात की सबसे प्रमुख झलक रहा। तस्वीर ने यह स्पष्ट कर दिया कि पत्रकारों के मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से रखा गया है और उस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिली है। अब देखना होगा कि इस मुलाकात के बाद जमीनी स्तर पर क्या पहल होती है। पत्रकारों की ओर से उठाए गए मुद्दे लंबे समय से चर्चा में रहे हैं—ऐसे में अगर इन पर ठोस कदम उठते हैं, तो इसका सीधा असर प्रदेश की पत्रकारिता व्यवस्था पर दिखाई देगा। फिलहाल, इस मुलाकात ने उम्मीद जरूर जगाई है।



Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की