कॉलेज के पास चल रहा था शराब का गोरखधंधा, पुलिस ने मारा छापा
कॉलेज के पास चल रहा था शराब का गोरखधंधा, पुलिस ने मारा छापा
सागर से न्यूज: 13 अप्रैल,2026(सोमवार)
सागर। जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के गोरखधंधे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अहम खुलासा किया है। सरकारी कॉलेज के पास गुपचुप तरीके से संचालित किए जा रहे इस अवैध कारोबार पर सुरखी पुलिस ने छापा मारकर 72 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा तथा एसडीओपी प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 13 अप्रैल 2026 को सुरखी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सरकारी कॉलेज के समीप, रोबिन्स नाथन के घर के बाजू में स्थित एक लोहे के स्टोर रूम पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से 8 खाकी कार्टूनों में रखी लगभग 72 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 40 हजार रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कारोबार लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी रोबिनन नाथन उर्फ हनी (पिता: राबर्ट नाथन, निवासी: ढना) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध शराब की खेप जब्त करते हुए उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से इस अवैध कारोबार के स्रोत, सप्लाई चैन और अन्य जुड़े लोगों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। इसी के मद्देनजर संभावित ठिकानों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है, जिससे जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपांशु (भा.पु.से. परि.), उपनिरीक्षक मनीषा तिवारी, उपनिरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, सहायक उपनिरीक्षक गनगौर प्रसाद, आरक्षक कमलेश, आरक्षक कामेश, आरक्षक ओमकार एवं आरक्षक प्रेमचंद्र की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही। टीम की तत्परता और सटीक रणनीति के चलते यह कार्रवाई सफल हो सकी।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments
Post a Comment