ओवरब्रिज पर जनाजा रखकर किया चक्काजाम
भारी वाहनों पर प्रतिबंध, नौकरी और मुआवजे की मांग, जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बाद खुला जाम
सागर से न्यूज: 10 अप्रैल,2026 (शुक्रवार)
सागर| जिले के बीना शहर में एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए, जब 17 वर्षीय किशोर अफजल खान की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय नागरिकों ने महावीर चौक के पास स्थित झांसी ओवरब्रिज पर शुक्रवार (जुमा) की नमाज के बाद जनाजा रखकर चक्काजाम कर दिया, इस अचानक हुए विरोध प्रदर्शन के चलते शहर की प्रमुख मार्ग पर लगभग एक घंटे तक यातायात पूरी तरह से ठप रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
 |
| •• मृतक किशोर अफजल•• |
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात स्टेशन रोड क्षेत्र में एक तेज रफ्तार भारी वाहन (ट्रक) ने अफजल खान को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया, मृतक के पिता दिव्यांग हैं और परिवार की स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है, इसी के चलते परिजनों का आक्रोश और अधिक बढ़ गया और उन्होंने समाज के लोगों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान जनाजा ओवरब्रिज पर रखकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई और स्पष्ट रूप से कहा गया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे रास्ता नहीं खोलेंगे, प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में शहर की सीमा के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाना, मृतक के बड़े भाई को नगर पालिका में स्थायी नौकरी प्रदान करना, परिवार को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा देना तथा दिव्यांग पिता के भरण-पोषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल था, घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और नायब तहसीलदार हेमराज मेहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, हालांकि परिजन केवल मौखिक आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर आकर लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक वे चक्काजाम समाप्त नहीं करेंगे, स्थिति को गंभीर होते देख कुछ ही देर में क विधायक निर्मला सप्रे, नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की, इस दौरान विधायक ने पीड़ित परिवार को शासन की संबल योजना के तहत 4 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने, अपनी विधायक निधि से अतिरिक्त 1 लाख रुपये देने, मृतक के बड़े भाई को नगर पालिका में नौकरी दिलाने तथा शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन से समन्वय कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया, उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों के इन आश्वासनों के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त करने का निर्णय लिया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ और अफजल खान का जनाजा नई बस्ती स्थित कब्रिस्तान के लिए रवाना किया गया, इस पूरी घटना ने शहर की यातायात व्यवस्था, विशेषकर भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय नागरिकों में अब भी इस बात को लेकर चिंता बनी हुई है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।
Comments
Post a Comment