धामोनी की 900 साल पुरानी मस्जिद का ताला खुलवाने की मांग तेज
धामोनी की 900 साल पुरानी मस्जिद का ताला खुलवाने की मांग तेज
सागर से न्यूज: 28 अप्रैल,2026 ( मंगलवार)
सागर| सर्व धर्म कौमी एकता के प्रतीक धामोनी वाले बाबा की दरगाह को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है। दरगाह प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष काजी खान बहादुर ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर दरगाह परिसर स्थित 900 साल पुरानी धामोनी मस्जिद का ताला खुलवाने की मांग की है। उन्होंने आगामी सालाना उर्स को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
काजी खान बहादुर ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम इस्हाकपुरा (धामोनी), तहसील बण्डा, जिला सागर में स्थित इस ऐतिहासिक मस्जिद का निर्माण हिजरी सन 1085 (1676 ईस्वी) में हुआ था। तब से लेकर आज तक मुस्लिम समुदाय के लोग यहां नियमित रूप से पांचों वक्त की नमाज अदा करते आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 10 सितंबर 2024 को पुरातत्व विभाग, उपमंडल सागर के अमले द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना और स्पष्ट कारण के मस्जिद में ताला लगा दिया गया, जिसके चलते मुस्लिम धर्मावलंबी नमाज अदा नहीं कर पा रहे हैं। इस कार्रवाई से पूरे मुस्लिम समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
पत्र में आगे कहा गया है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धामोनी वाले बाबा का तीन दिवसीय सालाना उर्स 8 मई से 10 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन क्षेत्रीय विधायक एवं उर्स कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह लम्बरदार की अध्यक्षता में संपन्न होगा। इस उर्स में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
दरगाह प्रबंध कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि उर्स के आयोजन को ध्यान में रखते हुए मस्जिद पर लगे ताले को जल्द से जल्द खुलवाया जाए, ताकि मुस्लिम समुदाय के लोग पूर्व की भांति यहां नमाज अदा कर सकें।


Comments
Post a Comment