डीजे गिरने से 14 वर्षीय किशोर की मौत
हनुमान जयंती जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, डीजे गिरने से 14 वर्षीय किशोर की मौत
सागर से न्यूज: 3 अप्रैल,2026 (शुक्रवार)
सागर| मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया क्षेत्र में हनुमान जयंती के अवसर पर निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। डीजे सिस्टम का भारी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे जुलूस में शामिल कई श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। इस घटना में 14 वर्षीय बालक आर्यन कोरी की मौत हो गई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, मकरोनिया थाना क्षेत्र के पास स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य चल समारोह निकाला गया था। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे। जुलूस में झांकियां, अखाड़े और भक्ति संगीत आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। भगवान हनुमान की प्रतिमा को पालकी में रखकर दीनदयाल नगर स्थित राम दरबार ले जाया जा रहा था। चल समारोह पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा था। जैसे ही जुलूस होटल पैराडाइज के पास पहुंचा, डीजे वाहन पर लगे भारी साउंड सिस्टम को बांधने वाली रस्सियां अचानक टूट गईं। संतुलन बिगड़ने से डीजे का बड़ा हिस्सा सीधे नीचे गिर पड़ा और नीचे नाच रहे श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। डीजे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग भारी मलबे के नीचे दब गए। स्थिति को संभालने में कुछ समय लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। घटना के बाद जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने तेजी दिखाते हुए मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला। बिना देर किए निजी वाहनों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में मकरोनिया के कृष्णानगर वार्ड क्रमांक-2 निवासी 14 वर्षीय आर्यन कोरी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को वजह माना जा रहा है इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मकरोनिया क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।

Comments
Post a Comment