सप्लाई काटने से भड़का नगरपरिषद

सप्लाई काटने से भड़का नगरपरिषद, बिजली विभाग कार्यालय के गेट पर डलवाया कचरा


बकाया वसूली की कार्रवाई बनी टकराव की वजह, जवाबी कदम से बिगड़े हालात; आमजन की परेशानी बढ़ी



सागर से न्यूज: 31 मार्च,2026

सागर| सागर जिले के बंडा विधानसभा के शाहगढ़ में नगरपरिषद और विद्युत विभाग के बीच चल रहा विवाद अब टकराव के चरम पर पहुंच गया है। नगरपरिषद पर 9 लाख रुपए से अधिक का बिजली बिल बकाया होने पर विद्युत विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए परिषद की बिजली सप्लाई बंद कर दी। इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे शहर में प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, लंबे समय से बकाया चल रहे बिजली बिल को लेकर विद्युत विभाग ने नगरपरिषद की सप्लाई काट दी। इस कार्रवाई के बाद नगरपरिषद के अधिकारियों में नाराजगी देखी गई और मामला तूल पकड़ गया। दोनों विभागों के बीच पहले भी पत्राचार होता रहा, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। विवाद ने उस समय उग्र रूप ले लिया जब नगरपरिषद द्वारा विद्युत विभाग के शाहगढ़ स्थित कार्यालय के मुख्य गेट पर सुबह-सुबह दो ट्रॉली कचरा डलवा दिया गया। कार्यालय के प्रवेश द्वार पर कचरे का ढेर लगने से कर्मचारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि  कार्यालय परिसर में स्थित मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर कचरा डाल दिए जाने से श्रद्धालुओं का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। खासकर सुबह पूजा के लिए पहुंचने वाली महिलाओं को लौटना पड़ा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में खासा आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय वार्डवासियों ने इस पूरे घटनाक्रम को नगरपरिषद और प्रशासन की तानाशाही करार दिया है। उनका कहना है कि सरकारी विभागों के आपसी विवाद में आम जनता को परेशान किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई है। नगरपरिषद के सीएमओ विनय मिश्रा ने कहा कि  मैं इस मामले को लेकर डीई साहब से मिलने जा रहा हूं। इसके बाद शहर के गणमान्य नागरिकों के समक्ष सभी तथ्यों एवं बिलों के साथ पूरी स्थिति स्पष्ट करूंगा। हमारे द्वारा कई बार पत्र लिखे गए, लेकिन उनका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। संबंधित अधिकारी द्वारा मनमाने तरीके से बिलिंग की जा रही है। यदि मैं अपने विभाग को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए प्रयास कर रहा हूं, तो इसमें कोई गलत बात नहीं है।” फिलहाल यह मामला पूरे शाहगढ़ में चर्चा का विषय बना हुआ है। आमजन की मांग है कि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप कर इस विवाद का समाधान निकाले, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।

Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की