केंद्रीय जेल में छुट्टी के दिन कैदी से मुलाकात पर बवाल
केंद्रीय जेल में छुट्टी के दिन कैदी से मुलाकात पर बवाल
मिठाई लेकर पहुंचे परिजनों का वीडियो वायरल, विशेष अनुमति पर उठे सवाल
सागर से न्यूज: 3 मार्च,2026
सागर। सागर की केंद्रीय जेल होली के दिन हुई एक कथित विशेष मुलाकात को लेकर सुर्खियों में है। अवकाश के दिन जब सामान्य मुलाकात बंद रहती है, उसी दिन एक कैदी से उसके परिजनों की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में परिजन मिठाई के डिब्बे हाथ में लिए जेल के मुख्य प्रवेश द्वार से भीतर जाते दिखाई दे रहे हैं। सागर से न्यूज इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार होली की सुबह अधिकांश कैदियों के परिजन मुलाकात की उम्मीद लेकर जेल पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अवकाश का हवाला देकर लौटा दिया गया। इसी बीच एक परिवार के जेल परिसर में प्रवेश का दृश्य वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। कुछ ही घंटों में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और पूरे घटनाक्रम ने सवाल खड़े कर दिए। सूत्रों के अनुसार, कोलकाता निवासी एक कैदी से मिलने उसके परिजन सागर पहुंचे थे। दावा किया जा रहा है कि उन्हें विशेष अनुमति के तहत मुलाकात दी गई। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि परिजन मिठाई के डिब्बे लेकर सुरक्षा जांच के बाद मुख्य गेट से अंदर प्रवेश कर रहे हैं। जेल नियमों के अनुसार निर्धारित दिवस और समय पर ही मुलाकात की अनुमति दी जाती है।
सार्वजनिक अवकाश या त्योहारों के दिन सामान्य मुलाकात स्थगित रहती है, जब तक कि सक्षम अधिकारी से विशेष स्वीकृति न प्राप्त हो। ऐसे में यह प्रश्न उठ रहा है कि संबंधित मामले में अनुमति किस आधार पर दी गई और क्या इसके लिए विधिवत प्रक्रिया का पालन किया गया। वायरल वीडियो के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पारदर्शिता और समानता के सिद्धांतों के बीच खड़ा यह मामला प्रशासनिक व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जेल प्रशासन इस पूरे प्रकरण पर क्या स्पष्टीकरण देता है और आगे क्या कार्रवाई की जाती है।


Comments
Post a Comment