समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश – कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, सप्लाई बनी हुई है पूरी तरह सुचारू

सागर में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से दूर रहें: कलेक्टर संदीप जी आर

समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश – कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, सप्लाई बनी हुई है पूरी तरह सुचारू



सागर से न्यूज: 26 मार्च 2026
सागर| जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच कलेक्टर  संदीप जी आर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि सागर में ईंधन की कोई कमी नहीं है। तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और मांग के अनुसार निरंतर आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। कलेक्टर संदीप जी आर ने यह निर्देश पेट्रोल पंप संचालकों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, नगर दंडाधिकारी श्री गगन बिसेन, जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति बघेल, पेट्रोल पंप संचालक संघ के अध्यक्ष श्री राजेंद्र दुबे सहित विभिन्न तेल कंपनियों के संचालक एवं सेल्स ऑफिसर उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता और मांग की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों और कंपनियों के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है और सप्लाई लगातार जारी है। इंडियन ऑयल (IOCL) एवं भारत पेट्रोलियम (BPCL) सहित अन्य कंपनियों के सेल्स ऑफिसर्स ने भी बताया कि कंपनियों के पास भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है।

पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि अफवाहों के चलते पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ी है, जबकि वास्तविकता में किसी प्रकार की कमी नहीं है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि आमजन को जागरूक करना जरूरी है ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो। कलेक्टर संदीप जी आर ने सख्त निर्देश दिए कि कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला आपूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि एसडीएम और तहसीलदारों के साथ मिलकर सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी करें और किसी भी अनियमितता पर सख्त कदम उठाएं। उन्होंने तेल कंपनियों – इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम – के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे स्टॉक की नियमित जानकारी साझा करें और वितरण व्यवस्था को और मजबूत बनाएं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेट्रोल पंपों पर अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से उपभोक्ताओं को लगातार जानकारी दी जाए, जिससे अफवाहों पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए भी पर्याप्त भंडार सुरक्षित है। अंत में कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, सामान्य दिनों की तरह ही ईंधन का उपयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें।

Comments

Popular posts from this blog

सागर में 34 केस दर्ज, विभाग ने कसी कमर

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की