हिस्ट्रीशीटर के कंधों पर झूमे टीआई
हिस्ट्रीशीटर के कंधों पर झूमे टीआई, थाने में मनाया जन्मदिन; वीडियो वायरल होते ही निलंबन
सागर से न्यूज: 2 मार्च,2026
मुरैना। मुरैना जिले के जौरा थाने में पदस्थ टीआई दर्शन लाल शुक्ला का एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी अपने जन्मदिन के मौके पर एक हिस्ट्रीशीटर के कंधों पर बैठे नजर आ रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी की रात करीब 9 बजे थाना परिसर में ही टीआई का जन्मदिन मनाया गया।
समारोह में केक काटा गया, फूलमालाएं पहनाई गईं और स्टाफ सहित कई लोग मौजूद रहे। इसी दौरान एक युवक ने टीआई को अपने कंधों पर बैठा लिया और परिसर में घुमाया। पीछे-पीछे पुलिसकर्मी और अन्य लोग चलते दिखाई दे रहे हैं। जांच में सामने आया कि टीआई को कंधों पर उठाने वाला युवक लवकुश शर्मा है, जो कोतवाली थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। 12 जून 2025 को उसे 18 मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, करीब 13 लाख रुपए कीमत की बाइक चोरी में उसका नाम सामने आया था। इतना ही नहीं, जनवरी 2026 में उस पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला भी दर्ज हुआ था। बिजली विभाग की टीम से मारपीट के आरोप में भी उसके खिलाफ कार्रवाई हुई थी। मामले का वीडियो सामने आने के बाद मुरैना के पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने टीआई दर्शन लाल शुक्ला को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया। विभागीय जांच के संकेत भी दिए गए हैं।टीआई दर्शन लाल शुक्ला ने सफाई देते हुए कहा कि समारोह में भीड़ अधिक थी और उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि कंधों पर उठाने वाला युवक बाइक चोरी के मामलों में आरोपी है। उनके मुताबिक संबंधित युवक कभी-कभी मुखबिर के रूप में सूचना देता रहा है।



Comments
Post a Comment