एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित
कर्रापुर चौकी में पुलिस की कथित गुंडागर्दी, आइसक्रीम खा रहे युवक से मारपीट
शिकायत करने पर झूठे केस में फंसाने की दी धमकी, पूर्व मंत्री के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित
सागर से न्यूज: 18 मार्च,2026
सागर। जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्रापुर पुलिस चौकी से पुलिस की कथित दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है। आइसक्रीम खा रहे एक युवक के साथ चौकी प्रभारी और आरक्षक द्वारा गाली-गलौज करते हुए लाठी से मारपीट करने तथा शिकायत करने पर झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कर्रापुर निवासी हरनाम सिंह (पिता प्रभाग सिंह), वार्ड क्रमांक 08, ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि 14 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह अपने भतीजे राजवीर के साथ कर्रापुर में आइसक्रीम खा रहा था। तभी कर्रापुर चौकी प्रभारी विद्यानंद यादव एवं आरक्षक दुर्गेश सोनी मौके पर पहुंचे और बिना किसी कारण के उसके साथ अभद्रता करते हुए लाठी से मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, जब उसने मारपीट का कारण पूछा तो दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे मां-बहन की गालियां दीं। मारपीट के कारण उसके शरीर पर चोटों के निशान पड़ गए तथा एड़ी में भी गंभीर चोट आई है। आरोप है कि जाते-जाते दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने कहीं शिकायत की तो उस पर झूठे प्रकरण दर्ज कर दिए जाएंगे, जिससे उसे जीवनभर अदालतों के चक्कर लगाने पड़ेंगे।
घटना से आहत पीड़ित युवक हरनाम सिंह, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी एवं स्थानीय कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, पार्षद मोहन अहिरवार, कदम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।शिकायत में चौकी प्रभारी विद्यानंद यादव एवं आरक्षक दुर्गेश सोनी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने तथा पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की गई है।मामले ने स्थानीय स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Comments
Post a Comment