व्यस्त मेन रोड पर जानलेवा गड्ढा
व्यस्त मेन रोड पर जानलेवा गड्ढा, जिम्मेदारों की खामोशी से बढ़ रहा हादसों का खतरा
प्राइवेट बस स्टैंड के पास कई दिनों से नहीं हुआ सुधार, रोज गुजरते हैं अधिकारी और जनप्रतिनिधि
सागर से न्यूज: 16 मार्च,2026
सागर| शहर के प्राइवेट बस स्टैंड के पास स्थित मुख्य मार्ग पर बना एक बड़ा गड्ढा इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क पर दिनभर बसों, ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, लेकिन इसके बावजूद सड़क के बीच बने इस जानलेवा गड्ढे की मरम्मत अब तक नहीं कराई गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गड्ढा पिछले कई दिनों से बना हुआ है और हर दिन दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है। कई बार दोपहिया वाहन चालक अचानक सामने आए गड्ढे से बचने की कोशिश में असंतुलित हो जाते हैं, जिससे हादसे की स्थिति बन जाती है। शहर के इस व्यस्त मार्ग पर बने गड्ढे ने वाहन चालकों के लिए परेशानी और खतरा दोनों बढ़ा दिए हैं।
स्थिति रात के समय और भी ज्यादा खतरनाक हो जाती है। अंधेरा होने के कारण यह गड्ढा दूर से दिखाई नहीं देता और मुख्य सड़क होने के कारण वाहन तेज गति से गुजरते हैं। ऐसे में अचानक गड्ढा सामने आने पर वाहन अनियंत्रित हो सकते हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता हैसबसे हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधियों का आना-जाना होता है। इसके बावजूद सड़क पर बने इस जानलेवा गड्ढे की ओर अब तक किसी का ध्यान नहीं गया है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या जिम्मेदारों को यह खतरा नजर नहीं आ रहा या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है।
प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ दिन पहले शहर के जागरूक युवाओं ने इसी स्थान पर पोस्टर लगाकर विरोध भी जताया था, ताकि संबंधित विभाग इस समस्या की ओर ध्यान दे। बावजूद इसके अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है और गड्ढा सड़क पर वैसे ही मौजूद है।
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि यदि समय रहते इस गड्ढे को नहीं भरा गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या को तुरंत संज्ञान में लेते हुए सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Comments
Post a Comment