हिस्ट्रीशीटर के घर ताबड़तोड़ फायरिंग

 हिस्ट्रीशीटर के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, बेटे के पैर में गोली लगी

अस्पताल में भी बदमाशों ने चलाई गोलियां



सागर से न्यूज: 14 मार्च,2026

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार तड़के गैंगवार की एक बड़ी घटना सामने आई। कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लल्लू रईस के अशोका गार्डन स्थित घर पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में लल्लू रईस का बेटा इमरान घायल हो गया, जिसके पैर में गोली लगी है। गोलीबारी करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
 घायल इमरान को तुरंत इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आरोप है कि हमलावर वहां भी पहुंच गए और अस्पताल परिसर में दोबारा फायरिंग कर दी। इस दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। गोलियां अस्पताल की खिड़कियों और दीवारों में जा लगीं। हालांकि इस दूसरी फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार यह मामला अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। दोनों थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

बेटे का पीछा करते हुए घर तक पहुंचे आरोपी

लल्लू रईस के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज समेत 8 से 10 लोग उनके शंकर गार्डन स्थित घर पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपी उनके बेटे इमरान का पीछा करते हुए वहां तक आए थे। जैसे ही इमरान घर के पास पहुंचा, आरोपियों ने पीछे से उस पर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए इमरान तुरंत घर के अंदर घुस गया और गेट लॉक कर लिया। इसी दौरान चली एक गोली उसके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।


अस्पताल परिसर में भी की गई फायरिंग

घायल इमरान को परिजन तुरंत हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि बदमाश वहां भी पहुंच गए और अस्पताल परिसर में लल्लू रईस को निशाना बनाकर फायरिंग की। हालांकि गोलियां अस्पताल की खिड़कियों और दीवारों पर जाकर लगीं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और स्टाफ में दहशत फैल गई। मौके से पुलिस को एक कारतूस का खाली खोखा भी मिला है।



दो साल पुरानी रंजिश बताई जा रही वजह

लल्लू रईस का कहना है कि यह हमला दो साल पुरानी दुश्मनी का परिणाम है। उनके अनुसार करीब दो साल पहले इमरान ने शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें उसकी उंगलियां कट गई थीं। उसी घटना का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया।

जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार का आरोप

लल्लू रईस का आरोप है कि हमलावर शहर के अलग-अलग इलाकों में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं। उनका कहना है कि वे इन गतिविधियों के वीडियो बनाकर उजागर करते रहते हैं, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई करती है और इनका अवैध कारोबार बंद हो जाता है।इसी वजह से आरोपी उनसे दुश्मनी रखते हैं और उनकी हत्या करना चाहते हैं।

पुलिस कर रही जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे

घटना को लेकर एसीपी अनिल बाजपेयी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। हमीदिया अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के सभी पहलुओं और वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह