कलेक्टर-एसपी का औचक निरीक्षण
होटल क्राउन पैलेस में कलेक्टर-एसपी का औचक निरीक्षण
घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग को लेकर की सख्त जांच
सागर से न्यूज: 12 मार्च,2026
जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में कलेक्टर संदीप जी आर और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल ने शहर के प्रमुख होटल क्राउन पैलेस में अचानक पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से होटल में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी सीधे होटल की रसोई तक पहुंचे और वहां उपयोग हो रहे गैस सिलेंडरों की स्थिति देखी। उन्होंने सिलेंडरों की श्रेणी और उपयोग की व्यवस्था की जानकारी ली तथा कर्मचारियों से भी पूछताछ की। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि होटल में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग न हो रहा हो। जांच के दौरान सभी सिलेंडर व्यावसायिक श्रेणी के पाए गए और कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर उपयोग में नहीं मिला। अधिकारियों ने व्यवस्था को संतोषजनक बताया, हालांकि उन्होंने होटल प्रबंधन को भविष्य में भी नियमों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है और प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने संकेत दिए कि आगे भी शहर के होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस तरह के औचक निरीक्षण किए जा सकते हैं। होटल प्रबंधन की ओर से अधिकारियों को बताया गया कि रसोई संचालन के लिए पर्याप्त व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर इलेक्ट्रिक और डीजल भट्टी मंगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, वहीं लकड़ी की भट्टी का निर्माण भी कराया जा रहा है ताकि किसी भी परिस्थिति में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अमन मिश्रा भी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में घरेलू गैस के दुरुपयोग पर रोक लगाने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Comments
Post a Comment