पुरानी रंजिश में युवक का अपहरण कर लूट

पुरानी रंजिश में युवक का अपहरण कर लूट

चाकू अड़ाकर ऑटो में बैठाया, सुनसान इलाके में ले जाकर बेरहमी से पीटा, सोने की अंगूठी लूटी


सागर से न्यूज: 8 फरवरी,2026

सागर शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चले हैं कि अब दिनदहाड़े अपहरण और लूट जैसी वारदातें भी होने लगी हैं। थाना गोपालगंज क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी दीपक राय, निवासी तिरुपतिपुरम, एसबीआई कियोस्क बैंक के पास अपनी मोटरसाइकिल से खड़ा था। इसी दौरान इलेक्ट्रॉनिक ऑटो में सवार होकर चार लोग वहां पहुंचे। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दीपक के साथ गाली-गलौज शुरू की। हालात तब और बिगड़ गए जब आरोपी धीरज कोरी ने दीपक की पीठ पर चाकू अड़ाकर जबरन उसे ऑटो में बैठा लिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए युवक को सुनसान इलाके में ले जाकर चाकू और डंडों से बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में दीपक को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके पास से सोने की अंगूठी भी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना गोपालगंज पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने अगले ही दिन तीन बालिग आरोपियों धीरज कोरी (34), अमन अहिरवार (22) और विवेक जैन (23) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक विधि विरुद्ध बालक को  अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की अंगूठी, घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडा बरामद कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया इलेक्ट्रॉनिक ऑटो भी जब्त किया गया है। अपराधियों में भय और आमजन में पुलिस की सख्ती का संदेश देने के लिए गिरफ्तार आरोपियों का थाना गोपालगंज क्षेत्र में जुलूस भी निकाला गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। गोपालगंज पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा और भरोसे की भावना और मजबूत हुई है। कार्रवाई में विशेष रूप से निम्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा जिनमें थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा, उप निरीक्षक  नीरज जैन, प्रधान आरक्षक दीपक व्यास, अनिल प्रभाकर, कैलाश सेन,आरक्षक नेकराम,  रणवीर, अंकित तिवारी, दशरथ मालवीय,  देवेंद्र पाण्डे शामिल रहे। 

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह