बांदरी थाना पुलिस पर मारपीट और अभद्रता के आरोप, यादव समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

बांदरी थाना पुलिस पर मारपीट और अभद्रता के आरोप, यादव समाज ने सौंपा ज्ञापन

यादव समाज ने चेताया— कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय की शरण लेंगे

•• यादव महासभा एडिशनल एसपी को ज्ञापन सौंपती हुई ••


सागर से न्यूज: 9 फरवरी, 2026 (सोमवार)

सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा की गई कथित अमानवीय और गैरकानूनी कार्रवाई ने पूरे यादव समाज को आक्रोशित कर दिया है। सोमवार को जिला यादव महासभा के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों लोग रैली के रूप में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर बांदरी थाना प्रभारी सुमेर सिंह जगेत समेत दोषी पुलिसकर्मियों को तत्काल बर्खास्त करने और उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। समाज ने साफ चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने मामले में कठोर कार्रवाई नहीं की तो यादव समाज न्यायालय की शरण लेगा और सड़क से कोर्ट तक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि बांदरी नगर परिषद क्षेत्र में दूध व्यवसाय को लेकर राजा यादव, मुन्शीलाल यादव और रामजी यादव के बीच आपसी विवाद हुआ था, जिसकी रिपोर्ट दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई थी। इसके बावजूद पुलिस ने कानून के तहत कार्रवाई करने के बजाय तीनों युवकों को पकड़कर सार्वजनिक स्थान पर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ ने न केवल लाठियों से पिटाई की, बल्कि उन्हें बाजार में जुलूस की तरह घुमाकर अपमानित किया और जबरन अपमानजनक नारे लगवाए। समाज का कहना है कि यह पूरी घटना पुलिस की मनमानी और मानवाधिकारों के खुले उल्लंघन का उदाहरण है।
पीड़ित राजा यादव ने बताया कि मारपीट में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। जब उनके पिता थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ितों का कहना है कि वे किसी भी प्रकार के आपराधिक प्रवृत्ति के नहीं हैं, फिर भी उन्हें अपराधियों की तरह सरेआम अपमानित किया गया।
यादव समाज का आरोप है कि पुलिस ने कानून की मर्यादा तोड़ते हुए “पुलिस हमारी बाप है” जैसे नारे लगवाए, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। समाज ने इसे सत्ता के नशे में चूर पुलिसिया बर्बरता करार दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उईके ने घायलों की मेडिकल जांच (एमएलसी) कराकर निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। पीड़ितों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर इलाज शुरू कराया गया है, लेकिन समाज का कहना है कि केवल जांच नहीं, बल्कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
इस दौरान जिला यादव महासभा के जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष बब्बू यादव, सरपंच प्रमोद यादव, जनपद सदस्य संजय ‘मोंटू’ यादव, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदन यादव, बांदरी यादव समाज अध्यक्ष बंटी यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव, आजाद यादव, रोशन पहलवान, गोपीलाल यादव, सुंदरलाल यादव, अंजय यादव, शिवप्रसाद यादव, संजीव यादव, शेरसिंह यादव, डॉ. तरुण यादव, नीरज यादव, युवा यादव महासभा अध्यक्ष वासु यादव, रूपनारायण ‘तोता’ यादव, मुकेश यादव, अमित यादव, अभिषेक यादव, लीलाधर यादव, राजेन्द्र पगारा, जितेन्द्र यादव, राकेश यादव, जीवन यादव, हेमंत यादव, रज्जन यादव सहित यादव समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह