शाहगढ़ में स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या, मौसेरे भाई पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
शाहगढ़ में स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या, मौसेरे भाई पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
सागर से न्यूज: 5 फरवरी 2026
मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहगढ़ कस्बे में बुधवार रात स्टाफ नर्स की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ 26 वर्षीय स्टाफ नर्स दीपशिखा चढ़ार की अज्ञात व्यक्ति ने नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में मृतका के परिजनों ने उनके मौसेरे भाई सुशील आठ्या पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने जांच के आधार पर उसे संदिग्ध मानते हुए तलाश शुरू कर दी है।
दीपशिखा चढ़ार, निवासी पाटन (जिला जबलपुर), पिछले लगभग चार वर्षों से शाहगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत थीं। वह अस्पताल से करीब 500 मीटर दूर किराए के मकान में रहती थीं। बुधवार रात उनकी नाइट ड्यूटी थी और वह पैदल अस्पताल जा रही थीं। इसी दौरान अस्पताल के मुख्य गेट के पास एक व्यक्ति ने पहले उन्हें धक्का देकर गिराया और फिर बेहद नजदीक से दो से तीन गोलियां चला दीं। गोली लगने से दीपशिखा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद मृतका के परिजनों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जांच में दीपशिखा के मौसेरे भाई सुशील आठ्या, निवासी पनागर क्षेत्र (जबलपुर), का नाम सामने आया है परिजनों का आरोप है कि सुशील आठ्या लंबे समय से दीपशिखा को परेशान कर रहा था और एकतरफा प्रेम के चलते उस पर शादी का दबाव बना रहा था। शादी से इनकार करने पर वह नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी विशेष रूप से जबलपुर से शाहगढ़ आया था। एडिशनल एसपी डॉ. संजीव कुमार ऊईके ने बताया कि परिजनों के आरोपों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तथ्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मोबाइल नंबर व कार्यस्थल से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन जबलपुर से शाहगढ़ पहुंचे। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सागर–कानपुर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया और संदिग्ध की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


Comments
Post a Comment