डीजे पर केवल त्योहार से संबंधित एवं मर्यादित गीत ही बजें
डीजे पर केवल त्यौहार से संबंधित एवं मर्यादित गीत ही बजें
थाना गोपालगंज में शांति समिति की बैठक, कानून-व्यवस्था और सौहार्द बनाए रखने पर जोर
सागर से न्यूज: 14 फरवरी, 2026 : शनिवार
सागर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना गोपालगंज परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना तथा विभिन्न आयोजन समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।बैठक में तहसीलदार सागर संदीप तिवारी, थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा सहित नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, शिव बारात आयोजन समिति के पदाधिकारी, पत्रकारगण, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सभी त्योहार हमारी सांस्कृतिक एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। इन्हें प्रेम, अनुशासन एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की सख्त हिदायत दी गई। बैठक में डीजे संचालन को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि केवल त्योहार से संबंधित एवं मर्यादित गीत ही बजाए जाएं। किसी भी धर्म, समुदाय या व्यक्ति विशेष के विरुद्ध टिप्पणी, आपत्तिजनक नारेबाजी या भड़काऊ गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जुलूसों के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा अन्य धर्मस्थलों के सामने अनावश्यक रूप से न रुकने के निर्देश दिए गए। आयोजन समितियों को स्वयंसेवक नियुक्त कर उन्हें पहचान हेतु बैज या रिबन उपलब्ध कराने तथा पुलिस प्रशासन के साथ सतत समन्वय बनाए रखने को कहा गया। थाना प्रभारी श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी और किसी भी असामाजिक गतिविधि पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के अंत में उपस्थित नागरिकों एवं आयोजन समितियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा नगर की गंगा-जमुनी परंपरा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।

Comments
Post a Comment