नर्स की गोली मारकर हत्या
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने नर्स की गोली मारकर हत्या
ड्यूटी के दौरान गेट पर खड़ी थी नर्स, बदमाश ने तीन गोलियां मारीं
सागर से न्यूज |सागर मध्यप्रदेश| 04 फरवरी 2026
सागर जिले के शाहगढ़ में बुधवार रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के बाहर सनसनीखेज वारदात सामने आई। ड्यूटी पर तैनात 26 वर्षीय नर्स की अज्ञात बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मृतक नर्स की पहचान दीपशिखा चढ़ार के रूप में हुई है, जो जबलपुर जिले के पाटन की रहने वाली थी। वह शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर पदस्थ थी। प्रतिदिन की तरह बुधवार रात भी वह ड्यूटी पर थी और स्वास्थ्य केंद्र के गेट के पास खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और उस पर फायरिंग कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने दीपशिखा पर तीन गोलियां चलाईं। दो गोलियां हाथ में और एक गोली पेट में लगी, जिससे नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।
शाहगढ़ थाना प्रभारी संदीप खरे ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए नगर में नाकाबंदी की गई है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस को भरोसा है कि जल्द ही अंधे कत्ल का खुलासा कर लिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी डॉ. संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर शव का पंचनामा बनाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी की पहचान के लिए स्वास्थ्य केंद्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
ड्यूटी के दौरान नर्स की गोली मारकर हत्या से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है। इस घटना ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत स्टाफ की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस विशेष टीमों के साथ आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
न्यूज डेस्क | सागर से न्यूज़: सागर मध्यप्रदेश : प्रकाशित : सागर ब्यूरो, 🕒 अपडेट : बुधवार, 4 फरवरी 2026 | रात 11.30 बजे


Comments
Post a Comment