व्यापारी व प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम
केंद्रीय बजट देश को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जाने वाला दस्तावेज : डॉ. सिंह
सागर में व्यापारी व प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में बजट-2026 पर मंथन
सागर से न्यूज: 3 फरवरी,2026 (मंगलवार)
सागर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केंद्रीय बजट-2026 देश के समग्र और संतुलित विकास का रोडमैप है। यह बजट जनता के प्रति सरकार के कर्तव्यों को दर्शाने वाला ऐसा दस्तावेज है, जो राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूती देता है।
डॉ. सिंह मंगलवार को सागर स्थित एक होटल में आयोजित केंद्रीय बजट-2026 पर व्यापारी व प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार वर्तमान में लगभग 240 कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश की 145 करोड़ जनता के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज़ाद भारत के बाद यह पहला बजट है, जिसे कर्तव्य भवन में बैठकर तैयार किया गया है, जहां कर्तव्य, जवाबदेही और विकास तीनों का समन्वय दिखाई देता है। डॉ. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के प्राचीन वैभव को पुनः स्थापित करने और देश को विश्व गुरु बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस भारत में तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय रहे हैं, वह देश आज पुनः ज्ञान और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व के आर्थिक रूप से संपन्न देशों के साथ विकास के क्षेत्र में सीधी प्रतिस्पर्धा कर रहा है। अमेरिका की तुलना में भारत की जनसंख्या अधिक होने के बावजूद देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में देश का बजट 16.65 लाख करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 53.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
⏩मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्रीय बजट-2026 में किसान, व्यापारी, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी के हितों का संतुलित ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश और देश दोनों के विकास को गति देगा।
⏩पूर्व मंत्री व विधायक गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से आधारभूत ढांचे, उद्योग और सामाजिक योजनाओं को मजबूती मिली है, जिसका लाभ आम नागरिक को मिलेगा।
⏩विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि बजट में व्यापारियों और उद्यमियों के लिए सकारात्मक प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापार को सरल बनाने और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि यह बजट आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां गरीब, मध्यम वर्ग और व्यापारी वर्ग तीनों को साथ लेकर चलने वाली हैं।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन निकेश गुप्ता ने किया।
पद्मश्री चयन पर भगवानदास रैकवार का सम्मान
डॉ. महेंद्र सिंह ने मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री पुरस्कार हेतु चयनित श्री भगवानदास रैकवार से उनके निवास पर भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व उन्होंने पूर्व मंत्री व विधायक भूपेंद्र सिंह के निवास पर भगवान श्री हनुमान जी की प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा एवं श्रीराम कथा में सहभागिता की।




Comments
Post a Comment