पूर्व मुख्यमंत्री के परिजनों को बम से उड़ाने की धमकी
पूर्व मुख्यमंत्री के परिजनों को बम से उड़ाने की धमकी
![]() |
सागर से न्यूज: 24 फरवरी,2026
टीकमगढ़ : मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। उनकी बहू, जो वर्तमान में जिला पंचायत अध्यक्ष हैं, और उनके पति को सोशल मीडिया पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसके बाद दो अज्ञात युवक रात के समय उनके आवास पर भी पहुंच गए और कथित रूप से जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट साझा की थी। 22 फरवरी की रात एक आईडी से उस पोस्ट पर धमकी भरा कमेंट किया गया। कमेंट में उन्हें और उनके पति, पूर्व मंत्री राहुल सिंह लोधी, को जान से मारने और बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने उस कमेंट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया। बताया गया है कि उसी रात करीब 11 बजे देहात थाना क्षेत्र स्थित उनके बंगले पर दो युवक पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। आरोप है कि उन्होंने बाहर से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर आए तो दोनों युवक मौके से फरार हो गए। अगले दिन देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही जिस सोशल मीडिया आईडी से धमकी दी गई है, उसकी साइबर सेल द्वारा तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पूरे घटनाक्रम को संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।

Comments
Post a Comment