वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना सड़कों पर, निकाली वाहन रैली

 वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना सड़कों पर, निकाली वाहन रैली

अश्लीलता का पुतला दहन, पार्कों-रेस्टोरेंट्स में दिनभर सन्नाटा 


सागर से न्यूज: 14 फरवरी,2026

सागर। वेलेंटाइन डे के विरोध में  शिवसेना संगठन ने शहर में वाहन रैली और पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन डे को अश्लीलता का प्रतीक बताते हुए सिविल लाइन स्थित शहीद कालीचरण चौराहे पर पुतला दहन किया। इसके बाद पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 44 जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सुबह से ही शिवसेना की टोलियां शहर के प्रमुख पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय रहीं। राजघाट, वाटर पार्क, अटल पार्क, विश्वविद्यालय परिसर सहित अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने निगरानी की। संगठन के विरोध को देखते हुए कई पार्कों और रेस्टोरेंट्स में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। जहां कहीं प्रेमी युगल मिले, उन्हें समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
शिवसेना की वाहन रैली मकरोनिया क्षेत्र से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सिविल लाइन स्थित शहीद कालीचरण चौराहे पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए वेलेंटाइन डे के विरोध में नारेबाजी की और अश्लीलता का पुतला दहन किया। कार्यक्रम के दौरान शहीद कालीचरण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के बलिदान को याद किया गया।

⏩शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि संगठन ने दो दिन पूर्व दंडपूजन कर वेलेंटाइन डे का कड़ा विरोध करने की चेतावनी दी थी। इसके चलते अश्लील गतिविधियों पर रोक लगी और पार्क व रेस्टोरेंट्स में ऐसी हरकतें देखने को नहीं मिलीं।

⏩जिला प्रमुख दीपक सिंह ने रैली के दौरान रेस्टोरेंट और कैफे संचालकों को हिदायत दी कि सार्वजनिक स्थलों पर अश्लीलता फैलाने वालों को प्रवेश न दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान में अनुचित गतिविधियां पाई गईं तो संगठन विरोध दर्ज कराएगा।

⏩जिला प्रभारी विकास सिंह ने शहर में पार्कों और अन्य स्थानों पर पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिवसेना प्रेम के खिलाफ नहीं है, बल्कि वेलेंटाइन डे की आड़ में फैलने वाली अश्लीलता का विरोध करती है। प्रदर्शन में शिवशंकर दुबे, सचिन जैन, धर्मेंद्र यादव, हितेंद्र ठाकुर, अथर्व द्विवेदी, ज्ञानी विश्वकर्मा, पंकज दुबे, आशुतोष तिवारी, महेश साहू, अमर यादव, रमन उपाध्याय, शशांक कोष्टी, अजय बुंदेला, राहुल विठ्ठल, दीपक चौधरी, चुटकी रजक, अनुज तिवारी, आदर्श राजेंद्र दुबे, मयंक सेन, नमन वैद्य, शिवम वाजपेयी, गौरव बड़कुल, संजय सेन, रवि सेन, रोहित गोविंद, शरद त्रिपाठी, सौभाग्य सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह