आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल, मुस्लिम समाज ने की सख्त कार्रवाई की मांग
आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर बवाल, मुस्लिम समाज ने की सख्त कार्रवाई की मांग
महिलाओं के खिलाफ टिप्पणी से भड़का आक्रोश
सागर से न्यूज: 23 फरवरी,2026
खुरई में सोशल मीडिया पर मुस्लिम महिलाओं और बेटियों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसे लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। बड़ी संख्या में समाज के लोग शहरी थाने पहुंचे और एसडीएम मनोज चौरसिया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है। जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष इसरत अली ने बताया कि खिमलासा थाना क्षेत्र के ग्राम पलुऊआ निवासी बृजेंद्र ठाकुर, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘बाबा वजनदार’ के नाम से जाना जाता है, लगातार मुस्लिम समाज के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो साझा कर रहे हैं। समाज का कहना है कि इन वीडियो के कारण धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है। मुस्लिम समाज के लोगों ने आरोपी का सोशल मीडिया अकाउंट तत्काल बंद करने की मांग की है। साथ ही, उसकी कथित आपराधिक पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी की गई है, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।खुरई एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। उन्होंने स्वीकार किया कि मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की शिकायत मिली है। पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील भी की है।

Comments
Post a Comment