घेराव, पुतला दहन और पानी की बौछार के बीच आमने-सामने भाजपा–कांग्रेस
घेराव, पुतला दहन और पानी की बौछार के बीच आमने-सामने भाजपा–कांग्रेस
सागर से न्यूज: 21 फरवरी 2026
सागर: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) प्रभाव समिट में हुए विवाद की गूंज सागर की सड़कों पर सुनाई दी। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता तीन बत्ती स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर आमने-सामने आ गए। नारेबाजी, धक्का-मुक्की और पुतला दहन के बीच हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को पानी की बौछार कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
भाजपा युवा मोर्चा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया गया। विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन देश की छवि को धूमिल करने वाला है। विधायक जैन ने कहा कि विदेशी प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ विरोध राष्ट्रीय गौरव को ठेस पहुंचाने जैसा है। जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने इसे देशविरोधी मानसिकता बताते हुए कहा कि कांग्रेस भारत की वैश्विक उपलब्धियों को कमतर दिखाने का प्रयास कर रही है।
दूसरी ओर, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा कार्यालय तक पहुंच ही नहीं पाई और उनका घेराव असफल रहा। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झाड़ू लहराकर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस ने नगरीय प्रशासन मंत्री और मुख्यमंत्री के पुतले कांग्रेस कार्यालय, विजय टॉकीज चौराहे तथा भीतर बाजार क्षेत्र में दहन किए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच लंबे समय तक नारेबाजी और वर्चस्व की स्थिति बनी रही। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पानी की बौछार का प्रयोग किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय के लिए जूते-चप्पल फेंके जाने और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, हालांकि कोई गंभीर घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में आगामी विधानसभा घेराव को लेकर रणनीति बनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आह्वान पर भोपाल में बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की उपस्थिति प्रस्तावित है।

Comments
Post a Comment