जिले में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रही: पूर्व मंत्री श्री चौधरी
जिले में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रही: पूर्व मंत्री श्री चौधरी
बारात में गोली चलने से नाबालिग की मौत पर पीड़ित परिवार से मिले पूर्व मंत्री, दोषियों पर सख्त कार्रवाई व आर्थिक सहायता की मांग
सागर से न्यूज: 15 फरवरी,2026
सागर। शहर के मोतीनगर थाना अंतर्गत एक मैरिज गार्डन के पास बारात के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। फायरिंग में भगवानगंज वार्ड निवासी दिनेश बंसल के नाबालिग पुत्र विवेक बंसल की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र चौधरी कांग्रेसजनों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। श्री चौधरी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान पूर्व मंत्री ने जिले की कानून व्यवस्था पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सागर जिले में कानून व्यवस्था नाम मात्र की रह गई है। प्रशासनिक लापरवाही के कारण आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का वातावरण व्याप्त है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन उन्हें रोकने में पूरी तरह असफल साबित हो रहा है। उन्होंने हाल के दिनों में अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़ी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खुरई के शासकीय छात्रावास में छात्रा के साथ अमानवीय कृत्य, शाहगढ़ में अजा वर्ग की नर्स की गोली मारकर हत्या तथा कोतवाली क्षेत्र के सूबेदार निवासी नाबालिग अंकुश अहिरवार की हत्या जैसी घटनाएं प्रशासन की विफलता को दर्शाती हैं। श्री चौधरी ने मांग की कि बारात फायरिंग मामले की सूक्ष्म जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रवि उमाहिया, अजय बमदेले, नियाज अहमद, सत्यम सिंह सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment