शक्ति अभियान का राज्य स्तरीय बुनियादी शिविर सम्पन्न
शक्ति अभियान का राज्य स्तरीय बुनियादी शिविर सम्पन्न
महिलाओं के अधिकार, सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी पर हुआ मंथन
सागर से न्यूज: 10 फरवरी,2026
सागर। मध्य प्रदेश भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित शक्ति अभियान का राज्य स्तरीय बुनियादी शिविर गांधी भवन, भोपाल में 8 एवं 9 जनवरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर में प्रदेशभर से आई नारी शक्ति ने महिलाओं के अधिकार, सामाजिक-राजनीतिक भागीदारी और सशक्तिकरण जैसे अहम मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।
शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज और राजनीति में महिलाओं की सक्रिय सहभागिता बढ़ाना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों के विरुद्ध संगठित एवं मजबूत आवाज खड़ी करना है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि “हर बहन-बेटी को अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए सशक्त होना आवश्यक है। जब महिलाएं जागरूक होंगी, तभी समाज और लोकतंत्र मजबूत होगा।” उन्होंने महिलाओं से अपने हकों के लिए निर्भीक होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
शिविर में मध्य प्रदेश की प्रथम महिला पर्वतारोही मेघा परमार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संघर्ष, चुनौतियों और सफलता की प्रेरक यात्रा साझा करते हुए महिलाओं को आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सागर जिले से आंचल आठ्या ने भी शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, अधिकारों के प्रति जागरूकता और सशक्तिकरण को सामाजिक परिवर्तन की बुनियाद बताया।
कार्यक्रम में गीता कड़वे, सदफ खान, सुमित पांडे सहित अनेक प्रमुख प्रतिभागियों की उपस्थिति रही, जिनके विचारों ने शिविर को और प्रभावी बनाया।
शक्ति अभियान का यह शिविर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा। प्रतिभागियों ने न केवल अपने अनुभव साझा किए, बल्कि भविष्य की रणनीतियों, संगठनात्मक मजबूती और एकजुटता पर भी गहन विचार-विमर्श किया। भारतीय युवा कांग्रेस के इस प्रयास से प्रदेश की महिलाओं में नई ऊर्जा, जागरूकता और नेतृत्व भावना का संचार हुआ है।

Comments
Post a Comment