गोपाल भार्गव का बड़ा बयान

दिग्विजय सिंह ने दिया था कांग्रेस जॉइन करने का ऑफर:

 गोपाल भार्गव का बड़ा बयान, बोले– “राजा साहब, मैं टिकाऊ हूं बिकाऊ नहीं”



सागर से न्यूज: 10 फरवरी,2026

सागर: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के बयान ने एक बार फिर मध्य प्रदेश की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। सागर जिले की रहली विधानसभा में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए गोपाल भार्गव ने खुलासा किया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उन्हें कभी कांग्रेस में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। कार्यक्रम में अपने लंबे राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए गोपाल भार्गव ने कहा कि राजनीति में उपेक्षा व्यक्ति को भीतर से तोड़ देती है। जब सरकार में रहते हुए भी बात नहीं सुनी जाती, तो मन टूटना स्वाभाविक है। इसके बावजूद उन्होंने धैर्य और पार्टी के प्रति निष्ठा बनाए रखी। 

पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि उन्होंने करीब 20 वर्षों तक संघर्ष किया। कई बार अपनी मांगें रखीं, जूझते रहे, लेकिन जब सरकार नहीं मानी तो मन को समझाकर आगे बढ़ते रहे। उन्होंने बताया कि उस दौरान कई मंत्री और मुख्यमंत्री तक उन्हें पार्टी बदलने की सलाह देते थे। उन्होंने कहा, “दिग्विजय सिंह मुझसे कहते थे कि भाजपा में क्या रखा है, आप कांग्रेस में आ जाइए, अच्छे विभाग का मंत्री बना दूंगा। लेकिन मैंने साफ कहा था—राजा साहब, ये माल टिकाऊ है, बिकाऊ नहीं।” गोपाल भार्गव ने कहा कि उन्होंने विपक्ष में रहते हुए भी उम्मीद नहीं छोड़ी। उन्हें विश्वास था कि एक दिन उनकी सरकार आएगी और वे अपने क्षेत्र का विकास कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने हर कठिन समय में उनका साथ दिया, और उसी भरोसे के कारण आज विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य संभव हो पाए हैं।

उल्लेखनीय है कि गोपाल भार्गव सागर जिले की रहली विधानसभा सीट से लगातार 9 बार विधायक चुने जा चुके हैं। वे लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित कई अहम विभागों के मंत्री रह चुके हैं। भाजपा संगठन में उन्हें अनुभवी और मजबूत नेता माना जाता है। हालांकि, मुख्यमंत्री मोहन यादव की वर्तमान कैबिनेट में उन्हें मंत्री पद नहीं मिला है।  राजनीतिक जानकार उनके इस बयान को मौजूदा सियासी समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं।


न्यूज डेस्क | सागर से न्यूज़: सागर मध्यप्रदेश : प्रकाशित: सागर ब्यूरो, 🕒 अपडेट : मंगलवार, 10 फरवरी 2026 | दोपहर  2.00 बजे

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह