फोरलेन निर्माण कंपनी के वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत

 फोरलेन निर्माण कंपनी के वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत



सागर से न्यूज: 1 फरवरी, 2026

सागर:  जिले के शाहगढ़ के निकट नेशनल हाईवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई और उसका मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे का कारण फोरलेन सड़क निर्माण एजेंसी 'जीत एशिया कंपनी' का एक निर्माण वाहन बताया जा रहा है, जिसने बाइक सवारों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। घटना शाहगढ़ के समीप मड़देवरा-हीरापुर के बीच बक्सवाहा थाना क्षेत्र की सीमा पर निर्माणाधीन ब्रिज के पास हुई। मृतक सूरज सिंह यादव (19 वर्ष), निवासी ग्राम अगरा, अपने मामा तिज्जु यादव (42 वर्ष), निवासी भौंरा (जिला छतरपुर) के साथ बाइक से अपने गांव अगरा जा रहा था। अचानक कंपनी के वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक वाहन के नीचे दब गई। हादसे में सूरज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तिज्जु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सूरज सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल तिज्जु यादव को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया, जो लगभग तीन घंटे बाद प्रशासन के हस्तक्षेप से खोला गया। मामले में बक्सवाहा थाना में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मृतक सूरज सिंह का रविवार सुबह 10 बजे शाहगढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने कंपनी के वाहन के चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना का मामला दर्ज किया है। जांच जारी है। इस घटना ने स्थानीय क्षेत्र में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह