नाबालिग को शादी का झांसा देकर फरार हुआ युवक, पुलिस ने दबोचा

नाबालिग को शादी का झांसा देकर फरार हुआ युवक, पुलिस ने दबोचा



सागर से न्यूज: 24 जनवरी,2026

सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर घर से भगाने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से फरार था, जिसे मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया। मिली जानकारी के अनुसार मोतीनगर क्षेत्र निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी मोहल्ले की दुकान जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों ने मोहल्ले में रहने वाले युवक पर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बालिका को दस्तयाब कर उसके बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग को शादी का लालच देकर अपने साथ ले गया था। बालिका के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 जोड़ी गई।

लगातार तलाश के बाद पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली, जिसके आधार पर प्रमोद अहिरवार (21), निवासी संत रविदास वार्ड, सागर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में उप निरीक्षक सत्यमामा मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक माधव सिंह, महिला प्रधान आरक्षक कविता और आरक्षक अभिषेक गौतम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मोतीनगर पुलिस का कहना है कि नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

जिला बदर आरोपी की फिर गुंडागर्दी, पुलिस ने यूपी बॉर्डर तक छोड़ा

मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ज्ञापन सौंपकर FIR की मांग की

फिल्म की शूटिंग बना विवाद की वजह