निःशुल्क स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी शिविर
पीली कोठी दरगाह परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी शिविर
26 जनवरी को दो घंटे चलेगा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे निःशुल्क परामर्श व दवाएं
सागर से न्यूज: 24 जनवरी,2026
सागर। पीली कोठी ट्रस्ट कमेटी द्वारा आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क विशाल स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर गणतंत्र दिवस 26 जनवरी सोमवार को पीली कोठी दरगाह परिसर में दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिक बड़ी संख्या में लाभ उठा सकेंगे। शिविर में अनुभवी एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। शिविर की प्रमुख विशेषताओं में निःशुल्क फिजियोथेरेपी परामर्श शामिल है, जिसके अंतर्गत जोड़ों का दर्द, कमर दर्द, साइटिका, गर्दन का दर्द (सर्वाइकल) तथा नसों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा जांच कर उचित परामर्श एवं आवश्यक व्यायाम की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही सामान्य स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत ब्लड प्रेशर और शुगर (डायबिटीज) की निःशुल्क जांच की व्यवस्था रहेगी तथा अनुभवी डॉक्टर मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय सलाह देंगे। डॉक्टर के परामर्श अनुसार जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी पूरी तरह निःशुल्क वितरित की जाएंगी। शिविर में डॉ. भरत कुमार अहिरवार, डॉ. राहुल अहिरवार, डॉ. काजी वसीम उद्दीन एवं डॉ. रुचि श्रीवास्तव अपनी सेवाएं देंगे। पीली कोठी ट्रस्ट कमेटी ने नागरिकों से अपील की है कि यदि संभव हो तो वे अपनी पुरानी एक्स-रे अथवा अन्य मेडिकल रिपोर्ट साथ लेकर आएं, ताकि डॉक्टरों को सही परामर्श देने में सुविधा हो सके। पीली कोठी ट्रस्ट कमेटी सागर ने अधिक से अधिक लोगों से इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा है कि स्वस्थ शरीर ही सबसे बड़ी पूंजी है और समाज के हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए।
न्यूज डेस्क | सागर से न्यूज़: सागर मध्यप्रदेश : प्रकाशित : सागर ब्यूरो, 🕒 अपडेट : शनिवार, 24 जनवरी 2026 | रात्रि 11:36 बजे

Comments
Post a Comment